
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। मां शाकुम्भरी विश्वविद्यालय सहारनपुर की अंतरमहाविद्यालय कबड्डी महिला वर्ग प्रतियोगिता में श्रीराम कॉलेज की महिला टीम ने चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम कर लिया है। चौधरी छोटू राम पीजी कॉलेज के मैदान पर आयोजित इस प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय से संबद्ध विभिन्न जनपदों के कई प्रमुख महाविद्यालयों की टीमों ने हिस्सा लिया था।
प्रतियोगिता का अंतिम एवं रोमांचक निर्णायक मुकाबला श्रीराम कॉलेज और गवर्नमेंट गर्ल्स पीजी कॉलेज, कांधला के बीच खेला गया। इस एकतरफा मैच में श्रीराम कॉलेज की महिला खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट तालमेल और आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए कांधला की टीम को 38-11 के विशाल अंतर से पराजित कर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
शारीरिक शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि टूर्नामेंट में गोचर महाविद्यालय रामपुर मनिहारन, एमएस कॉलेज सहारनपुर, आरके पीजी कॉलेज शामली, जीजीपीजी कॉलेज कांधला, एसडी पीजी कॉलेज मुजफ्फरनगर, सीसीआरडी पीजी कॉलेज और श्रीराम कॉलेज की टीमों ने प्रतिभाग किया। श्रीराम कॉलेज की टीम ने अपने पहले मैच में एमएस कॉलेज सहारनपुर को 26-1 से और दूसरे मैच में एसडी पीजी कॉलेज मुजफ्फरनगर को 30-4 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया था। इस अवसर पर श्रीराम ग्रुप ऑफ कॉलेजेज के चेयरमैन डॉ. एससी कुलश्रेष्ठ ने विजयी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि छात्राओं ने अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन से संस्थान का नाम रोशन किया है। प्राचार्या डॉ. प्रेरणा मित्तल ने खिलाड़ियों के शानदार खेल की सराहना करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। इस दौरान शारीरिक शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष प्रमोद कुमार, प्रवक्ता भूपेंद्र कुमार, डॉ. अब्दुल अजीज खान, संदीप देशवाल, अमरदीप शर्मा, प्रशांत कुमार एवं तरुण वर्मा सहित समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे।
—
Post Views: 88













Total views : 415608