Select Language :

Home » एजुकेशन » श्री प्राणनाथ इंटर कॉलेज की मतदाता सूची पर विवाद, हंगामे के बाद चुनाव निरस्त

श्री प्राणनाथ इंटर कॉलेज की मतदाता सूची पर विवाद, हंगामे के बाद चुनाव निरस्त

लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। श्री प्राणनाथ इंटर कॉलेज, रतनपुरी की प्रबंध समिति के चुनाव को लेकर रविवार को राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी), मुजफ्फरनगर में जमकर हंगामा हुआ। मतदाता सूची में सोसाइटी के नियमित सदस्यों के नाम शामिल नहीं होने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने धरना-प्रदर्शन किया और चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाए। विरोध के बाद चुनाव निरस्त कर दिया गया। जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) हरिकेश यादव ने इसकी पुष्टि की है।
रविवार सुबह किसान मजदूर संगठन के जिला सचिव मनोज राणा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीण जीआईसी मुजफ्फरनगर पहुंचे और धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि श्री प्राणनाथ इंटर कॉलेज, रतनपुरी की प्रबंध समिति के चुनाव के लिए तैयार की गई मतदाता सूची में मूल सोसाइटी के वैध सदस्यों की अनदेखी की गई है। उनका दावा था कि कथित रूप से एक ट्रस्ट से जुड़े लोगों को मतदाता सूची में शामिल कर चुनाव कार्यक्रम घोषित किया गया, जबकि नियमित सदस्यों के नाम सूची से गायब हैं।
प्रदर्शनकारियों ने चुनाव अधिकारी अशोक कुमार वर्मा और डीआईओएस की भूमिका पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि मतदाता सूची तैयार करने से पहले सदस्यों की वैधता और संबंधित विवादों की उचित जांच नहीं की गई। ग्रामीणों का कहना था कि विद्यालय ग्रामसभा की भूमि पर स्थित है और इसका संचालन मूल सोसाइटी के माध्यम से किया जाना चाहिए। धरने पर बैठे लोगों ने मामले की जांच कराने और विवादित मतदाता सूची निरस्त कर नियमानुसार चुनाव कराने की मांग उठाई।
धरने के दौरान डीआईओएस की अनुपस्थिति में ग्रामीणों ने विद्यालय के प्रधानाचार्य आशीष द्विवेदी को ज्ञापन सौंपा। प्रधानाचार्य ने प्रदर्शनकारियों को चुनाव स्थगित किए जाने का आश्वासन दिया। बाद में डीआईओएस हरिकेश यादव ने स्पष्ट किया कि रविवार को जीआईसी मुजफ्फरनगर में प्रस्तावित श्री प्राणनाथ इंटर कॉलेज का चुनाव निरस्त कर दिया गया है।
प्रदर्शन के दौरान किसान मजदूर संगठन के जिला सचिव मनोज राणा, शाहपुर ब्लॉक अध्यक्ष शंकर राणा, विक्रम सोम, विनोद सोम, विजेंद्र सोम, अनंगपाल, आशीष राणा, विक्रांत राणा और जॉनी चौहान सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।

Share this post:

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

खबरें और भी हैं...

वोट करें

[democracy id="1"]

Our Visitor

1 7 2 7 2 1
Total views : 438969

Follow us on