
आगरा में आमसभा के दौरान नई गवर्निंग काउंसिल का गठन: दिल्ली में जल्द होगी राष्ट्रीय मीडिया कार्यशाला
लोकपथ लाइव, नई दिल्ली: इंटरनेशनल फेडरेशन ऑफ जर्नलिस्ट्स (आईएफजे) से संबद्ध नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (इंडिया) यानी एनयूजे (आई)] द्वारा स्थापित एनयूजे स्कूल ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन के अध्यक्ष पद पर वरिष्ठ पत्रकार अनिल पांडेय की नियुक्ति की गई है। वहीं, जनसत्ता के संवाददाता प्रियरंजन को महासचिव चुना गया है। यह घोषणा आगरा में आयोजित संस्था की आमसभा के दौरान की गई।


आमसभा का आयोजन डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा के जयप्रकाश नारायण सभागार में हुआ, जहां एनयूजे स्कूल ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन की नई गवर्निंग काउंसिल एवं पदाधिकारियों का गठन किया गया। एनयूजे (आई) के राष्ट्रीय अध्यक्ष रास बिहारी ने आमसभा को संबोधित करते हुए संस्था के नए संविधान की जानकारी दी और नवगठित कार्यकारिणी की घोषणा की। उन्होंने बताया कि भीष्म सिंह (जमशेदपुर) एवं अनीता चौधरी (दिल्ली) को उपाध्यक्ष, आलोक मोहन नायक को कोषाध्यक्ष तथा गौरव ललित (दिल्ली), विपुल कुमार (हरियाणा), भंवर सिंह (राजस्थान) और राहुल वर्मा (उत्तराखंड) को सचिव नियुक्त किया गया है।

नया संविधान औपचारिक रूप से अंगीकृत
बैठक में यह भी बताया गया कि एनयूजे स्कूल ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन का नया संविधान औपचारिक रूप से अंगीकृत कर लिया गया है। इसकी रूपरेखा 13 सितंबर 2025 को आयोजित कार्यकारी बैठक में तैयार की गई थी। संविधान निर्माण समिति में अनिल पांडेय, दधिबल यादव, मनोज वर्मा, राकेश थपलियाल और अमलेश राजू सहित अन्य सदस्य शामिल रहे, जबकि राष्ट्रीय अध्यक्ष पदेन सदस्य के रूप में समिति से जुड़े थे। नए संविधान के अनुसार संस्था में एक अध्यक्ष, दो उपाध्यक्ष, एक महासचिव, एक कोषाध्यक्ष, चार संयुक्त/सह सचिव तथा 11 सदस्यीय कार्यकारिणी का प्रावधान किया गया है।
प्रशिक्षण शिविर, कार्यशालाओं पर फोकस
एनयूजे स्कूल ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन की स्थापना पत्रकारों को आधुनिक पत्रकारिता, डिजिटल मीडिया, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मल्टीमीडिया रिपोर्टिंग और बदलते मीडिया परिदृश्य से जोड़ने के उद्देश्य से की गई है। संस्था समय-समय पर देशभर में प्रशिक्षण शिविर, कार्यशालाएं और मीडिया उन्नयन कार्यक्रम आयोजित करती रही है। गवर्निंग काउंसिल के अन्य सदस्यों में रास बिहारी, प्रदीप तिवारी, राकेश थपलियाल, उषा पहवा, दधिबल यादव, प्रतिभा शुक्ल, सचिन बुधौलिया, डॉ. उमेश पाठक, डॉ. ऋतु दुबे, प्रमोद गोस्वामी (उत्तर प्रदेश) तथा राकेश कुमार सिंह (बिहार) शामिल हैं। बैठक में यह भी घोषणा की गई कि पत्रकारों के कौशल विकास एवं नई मीडिया तकनीकों पर आधारित एक विशेष राष्ट्रीय कार्यशाला शीघ्र ही नई दिल्ली में आयोजित की जाएगी, जिसमें देशभर के पत्रकारों और मीडिया विशेषज्ञों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।











Total views : 358343