
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर: जनपद के सभी राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त एवं स्ववित्तपोषित माध्यमिक विद्यालयों में उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (UPSLSA) तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) के निर्देशानुसार ‘संविधान संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) ने इस संबंध में जनपद के समस्त प्रधानाचार्यों व प्रधानाध्यापकों को पत्र जारी कर निर्धारित समय-सारणी के अनुसार सभी गतिविधियां अनिवार्य रूप से पूर्ण करने के कड़े निर्देश दिए हैं।
जारी आदेश के अनुसार, विद्यालयों में विद्यार्थियों को भारतीय संविधान, नागरिक अधिकारों, मौलिक कर्तव्यों और कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से ‘विधिक साक्षरता क्लब’ का गठन 20 अक्टूबर 2026 तक किया जाना है। इसके साथ ही प्रत्येक विद्यालय में एक शिक्षक को नोडल अधिकारी नामित किया जाएगा, जिनका प्रशिक्षण 22 से 31 अक्टूबर के मध्य आयोजित होगा।
इसके उपरांत, 2 से 24 नवंबर तक विद्यालयों में संविधान एवं विधिक साक्षरता से जुड़े विभिन्न जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे। 25 नवंबर को ई-मेल के माध्यम से प्रश्नपत्र विद्यालयों को उपलब्ध कराए जाएंगे, जिसके आधार पर 26 नवंबर (संविधान दिवस) को मुख्य कार्यक्रम का आयोजन होगा।
संविधान दिवस के अवसर पर प्रातःकालीन सभा में संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कराया जाएगा। इस दौरान प्रश्नोत्तरी (Quiz) प्रतियोगिता भी आयोजित होगी, जिसे दो वर्गों में बाँटा गया है। प्रथम वर्ग में कक्षा 9 व 10 और द्वितीय वर्ग में कक्षा 11 व 12 के विद्यार्थी भाग लेंगे। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत भी किया जाएगा।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने निर्देश दिए हैं कि यह कार्यक्रम केवल एक औपचारिक प्रक्रिया न बने, बल्कि इसके माध्यम से विद्यार्थियों में एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में उनके दायित्वों का बोध कराया जाए। कार्यक्रम के सफल व सुचारू क्रियान्वयन हेतु मार्गदर्शन के लिए जिला नोडल अधिकारी डॉ. रणवीर सिंह को नामित किया गया है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी गतिविधियों की फोटोग्राफ सहित रिपोर्ट समय से जिला कार्यालय को भेजनी होगी।
Post Views: 240












Total views : 437794