
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। जनपद के चरथावल विकासखंड क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज, बधाईकला में शनिवार को प्रशासनिक और शैक्षिक स्तर पर नया अध्याय शुरू हुआ। विद्यालय में नवनियुक्त प्रधानाचार्य राजेन्द्र कुमार नारंग ने आज विधिवत रूप से अपने पद का कार्यभार ग्रहण कर लिया। उनके पदभार संभालते ही समूचे विद्यालय परिवार में हर्ष की लहर दौड़ गई। इस अवसर पर उपस्थित शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने बुके भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया और सफल कार्यकाल के लिए हार्दिक शुभकामनाएँ व बधाई प्रेषित की।
नवनियुक्त प्रधानाचार्य का स्वागत करते हुए विद्यालय के शिक्षकों और कर्मचारियों ने यह दृढ़ विश्वास व्यक्त किया कि इनके लंबे प्रशासनिक अनुभव, कुशल नेतृत्व क्षमता और सकारात्मक शैक्षिक दृष्टिकोण का सीधा लाभ संस्था को मिलेगा। उनके आने से न सिर्फ विद्यालय विकास की नई उपलब्धियों की ओर अग्रसर होगा, बल्कि ग्रामीण क्षेत्र के इस संस्थान में शैक्षिक गुणवत्ता, कड़े अनुशासन और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को एक नई और प्रगतिशील दिशा मिलेगी।
इस गरिमामयी पदभार ग्रहण कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार ने प्रधानाचार्य को एक सफल, निष्पक्ष और गौरवपूर्ण कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। शिक्षकों ने कहा कि उन्हें पूर्ण भरोसा है कि नए मुखिया के नेतृत्व में यह संस्थान निरंतर प्रगति पथ पर आगे बढ़ते हुए उत्कृष्टता के नए आयाम स्थापित करेगा। इस गौरवपूर्ण मौके पर मुख्य रूप से विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षकगण शुभम, विकास चंद्र बलूनी, हर्ष त्यागी, अंकुर जैन, विकास कुमार एवं वैभव राणा सहित भारी संख्या में स्टाफ कर्मी मौजूद रहे और नए सत्र में शिक्षण व्यवस्था को और मजबूत करने का संकल्प लिया।
Post Views: 117













Total views : 391565