
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। राज्य एवं वस्तु सेवा कर (GST) विभाग में फर्जी फर्म का पंजीकरण कराकर सरकार को 3.80 करोड़ रुपये का चूना लगाने वाले गिरोह पर नई मंडी थाना पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। पुलिस ने बोगस फर्म बनाकर इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) हड़पने के मामले में मुख्य आरोपी फर्म संचालक और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों ने केवल कागजों में बोगस फर्मों के साथ फर्जी खरीद-बिक्री दिखाकर बिल तैयार किए थे, जिनके जरिए करोड़ों रुपये का इनपुट टैक्स क्रेडिट हासिल किया गया।
मामले की जानकारी देते हुए नई मंडी थाना प्रभारी आनंददेव मिश्रा ने बताया कि मंगलवार को पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी इंतियाज (निवासी गांव मोहिऊद्दीनपुर) और उसके सहयोगी सलमान (निवासी खालसा पट्टी सुजडू, खालापार) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन, फर्जी जीएसटी फर्मों के फर्जी बिलों की प्रतियां और कई अहम दस्तावेज बरामद किए हैं। वहीं, मामले से जुड़े ‘क्लीन इंडिया’ के संचालक की धरपकड़ के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
यह था पूरा मामला: राज्य वस्तु एवं सेवा कर विभाग के राज्य कर अधिकारी कविंद्र सिंह ने बीते वर्ष 10 सितंबर को नई मंडी कोतवाली में आरोपी इंतियाज के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। शिकायत के अनुसार, आरोपी इंतियाज ने ‘एमएस सिया एंटरप्राइजेज’ के नाम से एक फर्जी फर्म बनाई थी, जिसमें वेस्ट पेपर, प्लास्टिक और कचरे का कारोबार होना दिखाया गया था।
जब विभाग ने वित्तीय वर्ष 2022-23 से 2024-25 के दौरान प्रस्तुत किए गए खरीद-बिक्री और जीएसटी रिटर्न से संबंधित दस्तावेजों की गहन जांच की, तो बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ। जांच में पाया गया कि आरोपी ने रॉयल एंटरप्राइजेज, आरएस एंटरप्राइजेज, देव एंटरप्राइजेज, मिराज एंटरप्राइजेज, नेशनल ट्रेडर्स, रवि एंटरप्राइजेज, नेशनल एंटरप्राइजेज, अली ट्रेडर्स, गुप्ता एंटरप्राइजेज और शा ट्रेडर्स जैसी दर्जनों फर्मों के साथ कारोबार दर्शाया था। पड़ताल में ये सभी फर्में बोगस पाई गईं और इनके जीएसटी नंबर पहले से ही निलंबित या निरस्त थे।
आरोपियों ने इन फर्जी फर्मों के कागजी बिलों के जरिए कुल 3.80 करोड़ रुपये का इनपुट टैक्स क्रेडिट अवैध रूप से हड़प लिया था। पुलिस अब आरोपियों के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की कुंडली खंगाल रही है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है।
Post Views: 44













Total views : 420164