

भाजपा शासित राज्यों के कई मुख्यमंत्री भी समिति में शामिल
LP Live, New Delhi: लोकसभा चुनाव में भाजपा के घोषणा पत्र में क्या होगा, इसके लिए भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में एक 27 सदस्यीय चुनाव घोषणा पत्र समिति गठित की है। इस समिति में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को संयोजक और केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को सह संयोजक बनाया गया है।

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा की अध्यक्षता में शनिवार को हुई बैठक में भाजपा ने लोकसभा चुनाव के लिए संकल्प पत्र के रुप में घोषणा पत्र तैयार करने के लिए एक समिति का गठन किया है, जिसे भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मंजूरी दे दी है। इस समिति में 27 नेताओं को शामिल किया गया है, जिसकी अध्यक्षता राजनाथ सिंह को सौंपी गई है। जबकि समिति में केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, भूपेंद्र यादव, अर्जुन राम मेघवाल, किरेन रिजिजू, अश्विनी वैष्णव, धर्मेंद्र प्रधान, स्मृति ईरानी और राजीव चंद्रशेखर भी शामिल हैं। वहीं इसमें गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा, छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय, मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव, उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया भी समिति की सदस्य बनाई गई हैं। इसके अलावा समिति के सदस्यों में जुएल ओराम, रविशंकर प्रसाद, सुशील मोदी, विनोद तावड़े, राधामोहन दास अग्रवाल, मनजिंदर सिंह सिरसा, ओ.पी. धनखड़, अनिल एंटनी और तारिक मंसूर को भी सदस्य के तौर पर शामिल किया गया है।
संकल्प पत्र के रुप में तैयार होगा घोषणा पत्र
भाजपा अपने घोषणा पत्र को ‘संकल्प पत्र’ के रुप में तैयार करेगी। हालांकि भाजपा ने पिछले माह ही लोकसभा चुनाव के लिए अपने घोषणा पत्र को तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी थी, जिसमें पार्टी आम लोगों से सुझाव मांगने के लिए अलग-अलग इलाकों में ‘रथ’ भी रवाना किए थे।बताया जा रहा है कि इस बार भाजपा लोकसभा चुनाव में जारी करने वाले घोषणा पत्र में गरीबों, युवाओं, किसानों और महिलाओं को फोकस करेगी? यह घोषणा पत्र भाजपा के मिशन 2047 तक देश को विकसित बनाने की ‘योजना’ के आधार पर होगा।
