
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। डीएवी इंटर कॉलेज में संचालित हो रहे एनसीसी वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का मंगलवार को एनसीसी मेरठ ग्रुप के कमांडर ब्रिगेडियर पीएस जांगू ने निरीक्षण किया। शिविर परिसर में पहुँचने पर एनसीसी कैडेट्स द्वारा ग्रुप कमांडर को गार्ड ऑफ़ ऑनर की सलामी दी गई। इसके बाद ब्रिगेडियर जांगू ने कैडेट्स लाइन एरिया और शिविर में संचालित विभिन्न प्रशिक्षण कक्षाओं का जायजा लिया। कैडेट्स के साथ सीधा संवाद स्थापित करते हुए ग्रुप कमांडर ने एनसीसी के मूल महत्व को समझाया। उन्होंने कहा कि एक अनुशासित कैडेट देश की उन्नति में अद्वितीय योगदान दे सकता है। कैडेट्स की जिम्मेदारी सिर्फ एक सैनिक के रूप में तैयार होना नहीं, बल्कि विपरीत परिस्थितियों में समाज की नि:स्वार्थ सेवा करना भी है।
शिविर के दौरान सैन्य प्रशिक्षण सत्र में मुख्य रूप से मैप रीडिंग, फील्ड सिगनल्स और इन्फेंट्री बटालियन की संरचना जैसे महत्वपूर्ण सैन्य विषयों के बारे में कैडेट्स को विस्तार से अवगत कराया गया। मध्य अवकाश के बाद शिविर में एक विशेष यातायात जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। इस सत्र में एसपी यातायात के निर्देश पर पहुँचे यातायात उप निरीक्षक पुष्पेंद्र कुमार ने कैडेट्स को सड़क सुरक्षा और यातायात के नियमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नियमों का पालन सुनिश्चित कर किस प्रकार शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू रखा जा सकता है। आपातकालीन स्थितियों में एनसीसी कैडेट्स द्वारा ट्रेफिक कंट्रोल करने के व्यावहारिक गुर भी सिखाए गए। इसके साथ ही ड्राइविंग लाइसेंस व वाहन बीमा से जुड़े कानूनी पहलुओं को समझाया गया। शाम के सत्र में कैडेट्स के शारीरिक विकास के लिए खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। इस पूरे कैंप को सुचारू रूप से संचालित करने में सहयोगी एनसीसी अधिकारियों र समस्त पीआई स्टाफ का सराहनीय सहयोग रहा।
Post Views: 153













Total views : 334868