
लोकपथ लाइव, अयोध्या,3 नवम्बर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में आयोजित होने जा रहे दशक दीपोत्सव को भव्य और ऐतिहासिक बनाने की तैयारियां निर्णायक चरण में पहुंच गई हैं। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के स्वयंसेवक बुधवार सुबह आठ बजे से 25 बसों के माध्यम से दीपोत्सव स्थल के लिए रवाना होंगे। वहां पहुंचने के साथ ही घाटों पर दीये बिछाने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। स्वयंसेवक निर्धारित घाटों पर दीप सज्जा की जिम्मेदारी संभालेंगे।
कुलपति ने अपने संदेश में कहा कि युवा स्वयंसेवक इस महापर्व की सबसे मजबूत कड़ी हैं। जब वे घाटों पर दीपों की श्रृंखला सजाएंगे, तो प्रत्येक दीप में उनकी निष्ठा, अनुशासन और समर्पण की झलक दिखाई देगी। उन्हें विश्वास है कि स्वयंसेवक अपनी मेहनत और सेवाभाव से एक बार फिर विश्व पटल पर नया कीर्तिमान स्थापित करेंगे और इस ऐतिहासिक आयोजन को गौरवपूर्ण ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।
25 बसों के लिए निर्धारित किए गए रूट
यातायात समिति के समन्वयक प्रो. अनूप कुमार के निर्देशन में स्वयंसेवकों के आवागमन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने बताया कि 25 बसों के लिए निर्धारित मार्ग और समय-सारिणी तय कर दी गई है। इसका उद्देश्य सभी स्वयंसेवकों को सुरक्षित और समयबद्ध तरीके से दीपोत्सव स्थल तक पहुंचाना है, ताकि वे अपने निर्धारित घाटों पर पहुंचकर जिम्मेदारी संभाल सकें।
आईडी कार्ड के साथ समय से पहुंचने के निर्देश
विश्वविद्यालय की ओर से सभी संबंधित स्वयंसेवकों और नोडल अधिकारियों से निर्धारित समय से पहले उपस्थित होने की अपेक्षा की गई है। उन्हें अपना परिचय-पत्र (आईडी कार्ड) साथ लाने और अनुशासन के साथ बसों में निर्धारित स्थान ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
Post Views: 40












Total views : 447597