
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच चुकी है, लेकिन मुजफ्फरनगर जनपद से इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए शिक्षकों का उत्साह इस बार बेहद सीमित दिखाई दिया है। शिक्षा मंत्रालय को जिलों से चयनित नामों की अंतिम सूची भेजने की समय-सीमा 28 जुलाई निर्धारित है, इसके बावजूद जिले से अब तक केवल छह शिक्षक-शिक्षिकाओं ने ही आवेदन किया है। खास बात यह है कि आवेदन करने वालों में राजकीय विद्यालयों के शिक्षकों का दबदबा रहा, जबकि जिले के किसी भी सीबीएसई विद्यालय से एक भी शिक्षक ने राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए आवेदन नहीं किया।


इन शिक्षकों ने किए आवेदन
आवेदन करने वालों में राजकीय इंटर कॉलेज बहादरपुर के प्रधानाचार्य आशीष द्विवेदी, श्री कुंदकुंद जैन इंटर कॉलेज खतौली के प्रवक्ता राजकुमार जैन, जय भारत इंटर कॉलेज छपार के प्रधानाचार्य रविंद्र कुमार, कन्या जूनियर हाई स्कूल गोयान बुढ़ाना के शिक्षक सचिन कुमार पराशर, पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज पुरकाजी की शिक्षिका साक्षी देशवाल तथा राजकीय हाई स्कूल रसूलपुर मोरना के शिक्षक संदीप कुमार शामिल हैं। इनमें सबसे अधिक दावेदार राजकीय विद्यालयों से हैं।

जिला स्तर पर भी होंगे इंटरव्यू
जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) हरिकेश यादव ने बताया कि सभी छह आवेदकों का जिला स्तर पर गठित विशेष समिति द्वारा साक्षात्कार कराया जाएगा। समिति की संस्तुति के आधार पर चयनित शिक्षकों के प्रस्ताव केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय को भेजे जाएंगे। इसके बाद राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न राज्यों से आए शिक्षकों के बीच मूल्यांकन और चयन की विस्तृत प्रक्रिया पूरी होने के बाद राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2026 के विजेताओं की घोषणा की जाएगी। जिले में सीबीएसई विद्यालयों से एक भी आवेदन न आने को शिक्षा जगत में चर्चा का विषय माना जा रहा है।












Total views : 382703