
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता में अग्रणी भूमिका निभाते हुए स्थानीय डीएवी (पी.जी.) कॉलेज, मुजफ्फरनगर के प्रांगण में शनिवार को ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023’ के पक्ष में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कॉलेज की एनसीसी (NCC), एनएसएस (NSS) और रोवर्स-रेंजर्स इकाइयों की छात्राओं ने पूरी ऊर्जा के साथ सहभागिता की।


मानव श्रृंखला से दिया एकता का संदेश: कार्यक्रम की शुरुआत कॉलेज परिसर में छात्राओं द्वारा बनाई गई एक विशाल ‘मानव श्रृंखला’ से हुई। इस श्रृंखला के माध्यम से छात्राओं ने नारी शक्ति की एकजुटता और समाज में महिलाओं की बढ़ती भूमिका का संदेश दिया। श्रृंखला के उपरांत, हाथों में स्लोगन लिखी तख्तियां और नारों के साथ एक रैली निकाली गई, जो पूरे कॉलेज परिसर से होते हुए संपन्न हुई। रैली के माध्यम से छात्र-छात्राओं ने समाज को संदेश दिया कि आज की नारी हर क्षेत्र में अपनी योग्यता सिद्ध करने में सक्षम है।

अतिथियों ने बढ़ाया उत्साह: इस विशेष कार्यक्रम में कॉलेज की प्रबंध समिति के सचिव डॉ. एम.के. बंसल, प्राचार्य प्रो. योगेश त्यागी और प्रो. मुकेश चंद ने छात्राओं का मार्गदर्शन किया। उन्होंने अपने संबोधन में सभी प्रतिभागियों को जीवन के हर क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। वक्ताओं ने कहा कि ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ महिलाओं के अधिकारों को सुदृढ़ करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।
आयोजन में इनकी रही मुख्य भूमिका: इस सफल आयोजन का नेतृत्व नारी सशक्तिकरण समन्वयक एवं मां शाकुंभरी यूनिवर्सिटी की रोवर्स-रेंजर्स समन्वयक प्रो. सुषमा सैनी ने किया। उनके मार्गदर्शन में सह-समन्वयक डॉ. रचना त्यागी और एनसीसी अधिकारी डॉ. धनदेवी मिश्रा ने व्यवस्थाओं को संभाला।
इस अवसर पर एनसीसी अधिकारी डॉ. पुष्पेंद्र कुमार वशिष्ठ, रोवर्स-रेंजर्स अधिकारी डॉ. सहदेव, एनएसएस अधिकारी डॉ. संजीव, डॉ. आसिफ, डॉ. सचिन कुमार (इतिहास प्रभारी), डॉ. मंजू, प्रो. अर्चना धामा, डॉ. राहुल एवं डॉ. मनीष सहित कॉलेज का समस्त स्टाफ और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।












Total views : 286388