
मुजफ्फरनगर लोकपथ लाइव। यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन मुजफ्फरनगर जिले के डीएवी इंटर कॉलेज (बी-ब्लॉक) परीक्षा केंद्र पर एक फर्जी अभ्यर्थी तकनीकि नजरों से पकड़ा गया। परीक्षा कक्ष में ‘युवांक शर्मा’ नाम पंजीकरण पर ठाठ से बैठकर पेपर देने पहुंचे महाशय की चालाकी उस समय धरी की धरी रह गई, जब कंप्यूटर ने उनके अंगूठे का निशान (बायोमेट्रिक) लिया। अंगूठा लगते ही लखनऊ मुख्यालय के मुख्य सर्वर ने ऐसा ‘रेड अलर्ट’जारी केंद्र के लिए जारी हुआ, जिसके बाद परीक्षा केंद्र से लेकर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया। मुस्तैद पुलिस ने घेराबंदी करके फर्जी अभ्यर्थी को दबोच लिया, जिसकी एफआईआर भी सिविल लाइन थाने में दर्ज होने के साथ उसे हिरासत में लिया गया। पकड़ा गए फर्जी अभ्यर्थी की पूर्ण पहचान बुलंदशहर के सलेमपुर जटपुरा निवासी गजेंद्र शर्मा पुत्र त्रिलोक चंद्र शर्मा के रूप में हुई।
6 साल जवान होकर परीक्षा में बैठने का दावा, पुलिस जांच में जुटी: पुलिस जांच में गजेंद्र शर्मा ने बताया कि असली आधार कार्ड में उसकी जन्मतिथि 01 जुलाई 2001 दर्ज थी, यानी वह पुलिस भर्ती की निर्धारित उम्र सीमा को पार कर चुका था। गजेंद्र शर्मा ने ‘उम्र’ को ही मात देने के लिए कागजों में करीब 6 साल छोटा होने के लिए दोबारा हाईस्कूल (10वीं) की परीक्षा पास की। इस नई ‘जवानी’ को कानूनी जामा पहनाने के लिए उसने अपना नाम बदलकर ‘युवांक शर्मा’ (पिता का नाम पवन शर्मा) रख लिया और 22 जनवरी 2007 की नई जन्मतिथि के साथ फर्जी आधार कार्ड भी तैयार करवा लिया।
शुरुआत में पुलिस को शक था कि पकड़ा गया युवक कोई पेशेवर सॉल्वर गैंग का सदस्य है, लेकिन कड़ाई से हुई पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि वह किसी दूसरे की जगह परीक्षा नहीं दे रहा था, बल्कि खाकी वर्दी पहनने की चाहत में उम्र घटाने के लिए उसने खुद का ही नया ‘अवतार’ (फर्जी दस्तावेज) तैयार किया था। फिलहाल, सिविल लाइन थाना पुलिस ने गजेंद्र शर्मा के इस ‘उम्र घटाओ जुगाड़’ पर पानी फेरते हुए उसे हवालात की हवा खिला दी है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी, जाली दस्तावेज बनाने और परीक्षा अधिनियम की संगीन धाराओं में मुकदमा ठोक कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। सिविल लाइन थाना प्रभारी ने बताया कि इस मामले में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। आगे की जांच की जा रही है।
Post Views: 242













Total views : 339040