
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। भारतीय खान-पान की समृद्ध विविधता और पारंपरिक स्वाद को एक नया वैश्विक मंच देने के उद्देश्य से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर शहर में वर्ष का सबसे बड़ा पाक कला आयोजन होने जा रहा है। KMCC एवं ‘Flavours of Homechefs’ के संयुक्त तत्वावधान में आगामी 21 सितंबर 2026 को एक भव्य और अनोखा रायता महोत्सव आयोजित किया जा रहा है। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में देशभर से 100 से अधिक नामचीन शेफ, फूड इन्फ्लुएंसर और फूड क्रिएटर्स एक साथ शिरकत करेंगे। आयोजन का मुख्य आकर्षण एक ही स्थान पर भारत के विभिन्न राज्यों की पारंपरिक व आधुनिक रेसिपीज़ से तैयार किए जाने वाले 500 अलग-अलग प्रकार के रायते होंगे। इसमें जज की भूमिका लंदन बुक आफ रिकार्ड के अंतराष्ट्रीय चेयरमैन डा. अविनाश धन्नजय सुकनडे निभाएंगे।
लंदन बुक और रिकार्ड बनाना लक्ष्य
कार्यक्रम आयोजन की समंव्यक वर्षा गर्ग ने बताया यह कार्यक्रम मुजफ्फरनगर के होटल ओमेगा में 21 सितंबर को होगा। हमारा प्राथमिक लक्ष्य इस अनोखी पहल के जरिए ‘London Book of Records’ में एक नया विश्व रिकॉर्ड दर्ज कराना है। इस कार्यक्रम के माध्यम से देश के अलग-अलग कोनों से आने वाले शेफ अपनी-अपनी क्षेत्रीय संस्कृति, मसालों और पाक कला की अनूठी झलक पेश करेंगे। हर राज्य के स्वाद और पारंपरिक सामग्री के मिश्रण से तैयार होने वाले इन रायतों में भारतीय पाक परंपरा का विशेष तड़का देखने को मिलेगा।
महिला शक्ति कर रही कार्यक्रम का नेतृत्व
इस विशाल आयोजन को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए फूड इंडस्ट्री से जुड़ी अनुभवी हस्तियों की एक विशेष आयोजन समिति का गठन किया गया है, जिसमें महिलाएं समिति का नेतृत्व कर रही है। इसमें सेलिब्रिटी मास्टरशेफ कविता सिंह, प्रोफेसर दीपा चावला, वर्षा गर्ग, शेफ पारुल अग्रवाल और लाड्डी कौर मुख्य रूप से शामिल हैं। यह समिति प्रतिभागियों के समन्वय से लेकर तैयारियों की देखरेख का जिम्मा संभाल रही है। आयोजन समिति के अनुसार यह प्रयास केवल एक रिकॉर्ड कायम करने तक सीमित नहीं है, बल्कि भारत की सांस्कृतिक पहचान और समृद्ध पाक विरासत को दुनिया के सामने नए अंदाज़ में प्रस्तुत करने की एक अनूठी पहल है।
Post Views: 274













Total views : 415656