
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर: मुजफ्फरनगर के नगर पालिका परिषद वार्ड नंबर-13 स्थित जसवंतपुरी मोहल्ले में सार्वजनिक तालाब की वर्षों से सफाई न होने के कारण स्थानीय निवासियों को भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। सफाई व्यवस्था बदहाल होने से नाराज क्षेत्रवासियों ने नगर स्वास्थ्य अधिकारी को एक शिकायती प्रार्थना पत्र भी सौंपा, लेकिन कोई समाधान नहीं होने से क्षेत्र के लोग वर्तमान में जलभराव की परेशानी से गुजर रहे हैं। तालाब की सफाई न होने तथा अवैध कब्जे को लेकर स्थानीय लोग लखनऊ में मुख्यमंत्री से मिलकर कार्य में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की शिकायत करने की तैयारी कर रहे हैं।
शहर के वार्ड 13 जसवंतपुरी में एक तालाब है, जो जसवंतपुरी, केवलपुरी, मल्हुपूरा के स्थानीय लोगों की परेशारी का कारण बना हुआ है। स्थानीय निवासी मनीष कुमार, लोकश सिंह आदि ने अवगत कराया कि तालाब पर अवैध कब्जे और सफाई न होने से वर्तमान में गलियों में जलभराव है, जिससे घरों के अंदर तक पानी घुसने से स्थानीय लोग काफी परेशानी में जीवन यापन कर रहे हैं। जलभराव के साथ गंदगी की समस्या झेलनी पड़ रही है। स्थानीय लोगों ने नगरपालिका ईओ को ज्ञापन भी दिया है, जिसमें मांग की गई है कि वार्ड संख्या 13 स्थित जसवंतपुरी, केवलपुरी मोहल्ले में एक सार्वजनिक तालाब मौजूद है। आरोप है कि पिछले 30 से 40 वर्षों से इस तालाब की सफाई का कोई कार्य नहीं हुआ है। तालाब में गंदगी का ढेर जमा होने और पानी की निकासी न होने के कारण आसपास के लोगों को आवागमन आवाजाही में गंभीर दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। गंदगी के कारण क्षेत्र में बीमारियां फैलने का भी अंदेशा बना हुआ है। शीघ्र सफाई कराने की उठी मांगनिवासियों ने नगर स्वास्थ्य अधिकारी से गुहार लगाते हुए मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए इस सार्वजनिक तालाब की अविलंब (शीघ्र) सफाई कराई जाए ताकि स्थानीय लोगों को राहत मिल सके।
इस मामले में नगरपालिका परिषद मुजफ्फरनगर के अधिशासी अधिकारी पवन कुमार का कहना है कि मामला संज्ञान में आया था तहसीलदार से रिपोर्ट मांगी गई है। क्षेत्र गंदगी की समस्या व जलभराव की समस्या को दूर कराने के लिए कार्य किया जाएगा।
Post Views: 66












Total views : 434942