
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। विद्यार्थियों को भविष्य की संभावनाओं और करियर के विभिन्न क्षेत्रों से रूबरू कराने के उद्देश्य से शनिवार को पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज, मुजफ्फरनगर में एक भव्य करियर मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) हरिकेश यादव, विशिष्ट अतिथि डॉ. विकास काकरान, कांति राठी, विनय यादव, प्रीति चौधरी, जिला समन्वयक अलका चौधरी और नोडल अधिकारी आशीष द्विवेदी ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।
करियर ट्रेन और वर्किंग मॉडल्स रहे आकर्षण का केंद्र
मेले में छात्रों द्वारा बनाए गए रचनात्मक मॉडल्स ने अतिथियों का ध्यान आकर्षित किया। विद्यार्थियों ने करियर ट्रेन, करियर अम्ब्रेला, करियर व्हील, करियर ट्री, ‘My Dream Job’ और Informative Career Corner जैसे शानदार मॉडल प्रदर्शित किए, जिनकी मुख्य अतिथि और विशेषज्ञों ने जमकर सराहना की।
पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के सेवानिवृत्त वरिष्ठ प्रबंधक कांति राठी ने छात्रों को बैंकिंग सेक्टर में करियर, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और एजुकेशन लोन की प्रक्रियाओं के बारे में विस्तार से बताया।
रोल-प्ले के माध्यम से चुना सपनों का करियर
कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत ‘करियर रोल-प्ले’ रहा। छात्रों ने डॉक्टर, इंजीनियर, बिजनेसमैन, फैशन डिजाइनर, शिक्षक, एआई (AI) इंजीनियर और पुलिस अधिकारी की भूमिकाएँ निभाकर यह संदेश दिया कि अपनी रुचि और प्रतिभा के अनुसार ही सही करियर का चुनाव करना चाहिए।
-
कौशल और सोच: डॉ. विकास काकरान और प्रीति चौधरी ने छात्रों को नवोन्मेषी सोच अपनाने के लिए प्रेरित किया। अलका चौधरी ने नई शिक्षा नीति (NEP) में स्किल बेस्ड एजुकेशन के महत्व पर प्रकाश डाला, वहीं विनय यादव ने शुरुआत से ही अपनी दक्षताओं को पहचानने पर जोर दिया।
-
पंख पोर्टल और ‘सरिता’ का विमोचन: प्रधानाचार्य सुभाष चंद ने करियर काउंसलिंग की उपयोगिता बताते हुए छात्रों को ‘पंख पोर्टल’ पर रजिस्ट्रेशन के लिए प्रेरित किया। इस दौरान अतिथियों द्वारा विद्यालय की पत्रिका ‘सरिता’ का विमोचन भी किया गया, जिसकी संपादक ममता रानी ने लेखन के महत्व को रेखांकित किया।
मुख्य अतिथि (डीआईओएस) ने विद्यार्थियों के प्रोजेक्ट्स और मेहनत की सराहना करते हुए समर्पण और लगन से लक्ष्य हासिल करने का मूलमंत्र दिया। कार्यक्रम का सफल संचालन सुचित्रा सैनी, भूपेंद्र कुमार व पूनम रानी ने संयुक्त रूप से किया। अंत में प्रधानाचार्य सुभाष चंद ने समस्त अतिथियों और विद्यालय परिवार का आभार व्यक्त किया।
Post Views: 108












Total views : 428500