
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। जिले के जनता इंटर कॉलेज हरसोली में संविधान संवाद एवं सुरक्षित बचपन अभियान के तहत विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव डॉ. सत्येंद्र कुमार चौधरी ने छात्र-छात्राओं को पॉक्सो अधिनियम, बाल अधिकारों और मौलिक कर्तव्यों की जानकारी दी। इस दौरान बाल विवाह, बाल श्रम, महिला उत्पीड़न और घरेलू हिंसा जैसी सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक किया गया।
इस दौरान डॉ. सत्येंद्र कुमार चौधरी ने पॉक्सो अधिनियम एवं बाल अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए बच्चों को उनके कानूनी संरक्षण और अधिकारों के बारे में बताया। उन्होंने समाज में व्याप्त बाल विवाह, बाल श्रम, बाल भिक्षावृत्ति, महिला उत्पीड़न, दहेज प्रथा और घरेलू हिंसा जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूक रहने का आह्वान किया। साथ ही जरूरत पड़ने पर सहायता प्राप्त करने के लिए विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। इनमें महिला हेल्पलाइन 1090, पुलिस सहायता 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, साइबर हेल्पलाइन 1930 और विधिक सहायता हेल्पलाइन 15100 शामिल हैं।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि पंजाब नेशनल बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक ने छात्राओं को बैंक की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। जनपद नोडल अधिकारी संविधान संवाद डॉ. रणवीर सिंह ने अतिथियों को अंगवस्त्र एवं प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया। उन्होंने जागरूकता कार्यक्रम के आयोजन पर आभार जताते हुए विद्यालय में भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने का आग्रह किया। शिविर में विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण, मिशन शक्ति प्रभारी थाना शाहपुर, वॉलंटियर धनीराम और गौरव मलिक सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
Post Views: 98












Total views : 455603