
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। जैन कन्या इंटर कॉलेज, नई मंडी, मुजफ्फरनगर द्वारा शनिवार को जल संरक्षण विषय पर एक जनजागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का उद्देश्य छात्राओं के माध्यम से आमजन को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करना तथा जल के महत्व का संदेश जन-जन तक पहुंचाना रहा।


रैली में विद्यालय की छात्राओं ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ भाग लिया। छात्राओं ने हाथों में आकर्षक तख्तियां और बैनर लेकर विद्यालय परिसर से आसपास के क्षेत्र तक रैली निकाली तथा जल संरक्षण से जुड़े प्रेरक नारों के माध्यम से लोगों को पानी बचाने की अपील की।

इस दौरान छात्राओं ने “जल है तो कल है”, “पानी बचाओ, जीवन बचाओ” तथा “बूंद-बूंद जल का करें सम्मान, तभी बनेगा देश महान” जैसे प्रभावशाली नारे लगाकर जल के प्रत्येक बूंद के महत्व को रेखांकित किया। राहगीरों और स्थानीय नागरिकों ने भी छात्राओं के इस जागरूकता अभियान की सराहना की।
विद्यालय की प्रधानाचार्या ने कहा कि वर्तमान समय में लगातार घटते जलस्तर और बढ़ते जल संकट को देखते हुए जल संरक्षण केवल सरकार ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण की भावना विकसित होती है और समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचता है।
विद्यालय प्रशासन ने सभी नागरिकों से दैनिक जीवन में जल का विवेकपूर्ण उपयोग करने, वर्षा जल संचयन को अपनाने तथा भविष्य की पीढ़ियों के लिए जल संसाधनों के संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।












Total views : 383609