
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। श्रावण कांवड़ यात्रा 2026 को सकुशल, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने जनपद की कानून व शांति व्यवस्था बनाए रखने के दृष्टिगत सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को कड़े निर्देश जारी किए हैं। जिलाधिकारी के नए आदेश के मुताबिक, अब कांवड़ यात्रा की समाप्ति तक कोई भी जिला स्तरीय अधिकारी या विभागाध्यक्ष बिना पूर्व अनुमति के जिला मुख्यालय से बाहर नहीं जा सकेगा।
जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने बताया कि इस वर्ष श्रावण कांवड़ यात्रा 2026 आगामी 30 जुलाई 2026 से शुरू होकर 11 अगस्त 2026 तक चलेगी। यात्रा का समापन 11 अगस्त को मुख्य पर्व महाशिवरात्रि पर शिवभक्तों और कांवड़ियों द्वारा किए जाने वाले जलाभिषेक के साथ होगा। इस दौरान जिले में सुरक्षा और नागरिक सुविधाओं को चाक-चौबंद रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
कांवड़ मेले की संवेदनशीलता को देखते हुए जिलाधिकारी ने सभी जनपद स्तरीय अधिकारियों को अपने-अपने विभागों की जिम्मेदारियां मुस्तैदी से संभालने के निर्देश दिए हैं। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि अपरिहार्य परिस्थितियों में यदि किसी अधिकारी को मुख्यालय छोड़ना पड़ता है, तो उसके लिए अधोहस्ताक्षरी (जिलाधिकारी) से पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य होगा। लापरवाही बरतने या बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने वाले अधिकारियों के खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। यह आदेश तत्काल प्रभाव से पूरे जनपद में लागू कर दिया गया है।
Post Views: 107












Total views : 379119