Select Language :

Home » उत्तर प्रदेश » गोल्ड ट्रेडिंग कम करने सहित कई मुद्दों पर प्रशासन व व्यापारियों में मंथन

गोल्ड ट्रेडिंग कम करने सहित कई मुद्दों पर प्रशासन व व्यापारियों में मंथन

लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। देश हित में प्रधानमंत्री के आह्वान और प्रदेश के मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में सोमवार को जिला प्रशासन और स्थानीय सर्राफा कारोबारियों के बीच बैठक हुई। डीएम आवास स्थित सभागार में उमेश मिश्रा की अध्यक्षता एवं एसएसपी संजय कुमार वर्मा के सानिध्य में हुई इस बैठक में वैश्विक आर्थिक परिस्थितियों और देश की अर्थव्यवस्था को गति देने पर गंभीर मंथन किया गया। बैठक में सर्राफा एसोसिएशन व बुलियन व्यापारियों ने हिस्सा लिया और राष्ट्र हित में सरकार की नीतियों को अपना पूर्ण समर्थन देने का भरोसा दिलाया।
बैठक का मुख्य उद्देश्य देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करना, विदेशी मुद्रा भंडार पर आ रहे वैश्विक दबाव को कम करना और सोने के आयात को नियंत्रित करना है। वार्ता के दौरान डीएम उमेश मिश्रा ने उपस्थित व्यापारियों को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर विदेशी मुद्रा पर आए वैश्विक दबाव के विषय में विस्तार से समझाया। उन्होंने अपेक्षा की कि सभी व्यापारी देश हित में स्वेच्छा से सोने व चांदी की बुलियन (ईंट/बिस्कुट) की खरीद-बिक्री को हतोत्साहित करें। इस पर सर्राफा व्यापारी एसोसिएशन एवं स्थानीय कारोबारियों ने एकजुटता दिखाते हुए अपनी पूर्ण सहमति व्यक्त की। व्यापारियों ने कहा कि युद्ध के कारण उपजी वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए वे देश की अर्थव्यवस्था को संबल देने के लिए सरकार का हर संभव सहयोग करेंगे। उन्होंने अधिकारियों को यह भी साफ किया कि जिले में अधिकांश ग्राहक पुरानी ज्वेलरी देकर ही नई ज्वेलरी खरीदते हैं, यहाँ बुलियन का बड़ा व्यापार नहीं होता है। इसके अलावा डीमैट अकाउंट पर की जा रही गोल्ड ट्रेडिंग को कम किया जाए। व्यापारियों ने मांग की कि बुलियन की बिक्री को पूर्ण रूप से बंद करने के बजाय एक निश्चित सीमा तय करने का विकल्प दिया जाए, जिससे सर्राफा कारोबारियों का व्यापार भी प्रभावित न हो और इससे जुड़े कारीगरों व लेबर का जीवन-यापन सुचारू रूप से चलता रहे। बैठक में राज्य कर विभाग की ओर से ज्वाइंट कमिश्नर एसआईबी सिद्धेश चन्द्र दीक्षित, ज्वाइंट कमिश्नर (कार्यपालक) राजनाथ तिवारी एवं उपायुक्त कृष्ण कुमार मुख्य रूप से उपस्थित रहे। सर्राफा यूनियन के पदाधिकारी व प्रमुख व्यापारी सुरेश गोयल, सुनील तायल, राजीव कुमार वर्मा, पवन वर्मा आदि मुख्य रूप से मौजूद रहे।

Share this post:

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

खबरें और भी हैं...

वोट करें

[democracy id="1"]

Our Visitor

1 3 0 2 9 7
Total views : 378848

Follow us on