
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। जनपद में परिषदीय विद्यालयों की शिक्षा व्यवस्था, भौतिक स्थिति और अनुशासन को परखने के लिए बीएसए एक्शन मोड में नजर आए। शुक्रवार को बीएसए संदीप कुमार ने ब्लॉक सदर और नगर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले विभिन्न परिषदीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्कूल के शैक्षिक स्तर, बच्चों की उपस्थिति, मिड-डे मील की गुणवत्ता और स्वच्छता व्यवस्था का बारीकी से मूल्यांकन किया। निरीक्षण के दौरान जहाँ एक स्कूल में स्मार्ट क्लास और उत्कृष्ट शैक्षिक स्तर देखने को मिला, वहीं दूसरी जगह कमी पाए जाने पर प्रधानाध्यापकों को कड़ी चेतावनी जारी की गई।
बीएसए संदीप कुमार सबसे पहले नगर क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय बीबीपुर पहुंचे। निरीक्षण के समय सहायक अध्यापक राहुल मेहता आकस्मिक अवकाश पर थे, जबकि शेष स्टाफ ड्यूटी पर मुस्तैद मिला। स्कूल में पंजीकृत 138 बच्चों के सापेक्ष 119 छात्र उपस्थित पाए गए, जिनमें से अधिकांश बच्चे साफ-सुथरी यूनिफॉर्म में थे। बीएसए ने स्वयं कक्षाओं में जाकर बच्चों के ज्ञान को परखा। उन्होंने कक्षा 6 में बच्चों से अंग्रेजी पुस्तक का वाचन कराया और कक्षा 8 के छात्रों से गणित के कठिन सवाल पूछे। बच्चों द्वारा त्वरित और सही उत्तर दिए जाने पर बीएसए ने स्कूल के शैक्षिक स्तर की सराहना की। यहां स्मार्ट क्लास, क्रियाशील इको क्लब, पर्याप्त शिक्षण अधिगम सामग्री और साफ-सफाई की व्यवस्था अत्यंत संतोषजनक पाई गई। इसके बाद बीएसए सदर के प्राथमिक विद्यालय सिलाजुड़ी पहुंचा। यहां नामांकित 97 बच्चों में से 81 उपस्थित मिले। विद्यालय का पूरा स्टाफ उपस्थित था, लेकिन बच्चों का शैक्षिक स्तर उम्मीद के मुताबिक न मिलने पर बीएसए ने कड़ी नाराजगी जताई और इसमें गुणात्मक सुधार लाने के निर्देश दिए। विद्यालय में कई बच्चे बिना यूनिफॉर्म के पाए गए, जिस पर प्रधानाध्यापक को सख्त हिदायत दी गई कि हर बच्चा प्रतिदिन यूनिफॉर्म पहनकर ही स्कूल आए। इसके साथ ही स्कूल भवन की रंगाई-पुताई और पेंटिंग का काम एक सप्ताह के भीतर अनिवार्य रूप से पूरा करने के लिए प्रधानाध्यापक को कठोर निर्देश जारी किए गए। अंत में उच्च प्राथमिक विद्यालय सिलाजुड़ी में पंजीकृत 30 बच्चों में से 19 उपस्थित पाए गए। उपस्थिति पंजिका के अवलोकन में इंचार्ज अध्यापिका गजाला और सहायक अध्यापिका मीनाक्षी गुप्ता चिकित्सा अवकाश पर पाई गईं। यहाँ भी बच्चे आंशिक रूप से यूनिफॉर्म में मिले, जिसे लेकर प्रभारी अध्यापक को बच्चों की शत-प्रतिशत यूनिफॉर्म सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। हालांकि, विद्यालय में पेयजल, क्रियाशील शौचालय और निर्धारित मेन्यू के अनुसार मध्याह्न भोजन की व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त पाई गईं।
Post Views: 394












Total views : 374960