
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। राष्ट्रीय व राज्य अध्यापक पुरस्कार से पुरस्कृत शिक्षक वेलफेयर सोसाइटी (मंडल सहारनपुर) की एक महत्वपूर्ण बैठक सोमवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) कार्यालय परिसर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार ने की, जबकि संचालन राष्ट्रीय पुरस्कृत शिक्षक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय राजपुर-छाजपुर के प्रधानाध्यापक ब्रजपाल राठी द्वारा किया गया। इस गरिमामयी कार्यक्रम में बीएसए संदीप कुमार ने सभी शिक्षकों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया, साथ ही कार्यालय के उत्कृष्ट कर्मचारियों को भी पुरस्कार प्रदान किए गए। इस विशेष अवसर पर जनपद के समस्त राष्ट्रीय एवं राज्य अध्यापक पुरस्कार से सम्मानित शिक्षकों के नाम, पदनाम, विद्यालय और पुरस्कार वर्ष के विवरण से सुसज्जित एक भव्य शिलापट्ट (सम्मान पट्ट) बीएसए द्वारा कार्यालय में स्थापित कराया गया।
बैठक के दौरान पुरस्कृत शिक्षकों ने अपनी मूलभूत आवश्यकताओं व मांगों को लेकर बारी-बारी से अपने विचार साझा किए। इसमें मुख्य रूप से केंद्र सरकार की तर्ज पर पुरस्कृत शिक्षकों के सेवाकाल में तीन वर्ष की वृद्धि करने तथा वैयक्तिक वेतन के स्थान पर एक अतिरिक्त वेतन वृद्धि (इंक्रीमेंट) दिए जाने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई। अपने संबोधन में बीएसए संदीप कुमार ने उपस्थित सम्मानित शिक्षकों से आह्वान किया कि वे शिक्षा की गुणवत्ता में गुणात्मक सुधार लाने के लिए विभाग के साथ एक मजबूत टीम के रूप में कार्य करें। उन्होंने शासन के विभिन्न महत्वपूर्ण विभागीय कार्यक्रमों जैसे- निपुण भारत मिशन, इको क्लब और स्कूल चलो अभियान को सफल बनाने में सभी से सक्रिय सहयोग की अपील की।
बीएसए ने शिक्षकों को सुझाव देते हुए कहा कि नवाचारी शिक्षकों की एक विशेष टीम बनाई जाए जो नई-नई शिक्षण विधाओं को विद्यालयों में धरातल पर लागू कर सके। इसके साथ ही उन्होंने सेवानिवृत्त हो चुके शिक्षकों से भी मनोयोग से विद्यालयों में जाकर अपना अमूल्य सहयोग प्रदान करने का अनुरोध करते हुए कहा कि शिक्षा विभाग के दरवाजे उनके लिए हमेशा खुले हैं।
इस अवसर पर सोसाइटी के संरक्षक महावीर सिंह, मंत्री ऋषि पाल, मंडल अध्यक्ष मनोज कुमार, शामली के जिला अध्यक्ष अजय मलिक सहित मुजफ्फरनगर के वरिष्ठ शिक्षक राजेंद्र भारसी, सीताराम, निर्मला जैन, जनेश्वर दास, सीता देवी, बृजबाला गुप्ता, प्रेम दत्त, स्वदेश चौधरी, तेजपाल सिंह, राजेश्वरी कौशिक, शकुंतला देवी, राजेंद्र सिंह, सुरेंद्र सिंह, सतपाल सिंह, डॉ. सविता शर्मा, गीता रानी, अखलाक अहमद, रीना सिंह, डॉ. सोनिया कुमारी और हिदायतुल्लाह सहित अनेक गणमान्य शिक्षक उपस्थित रहे।
Post Views: 307













Total views : 334855