
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर/झांस: पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के मुक्कों का दम अब प्रदेश स्तर पर गूंजने लगा है। झांसी के मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित ‘अंडर-15 सब जूनियर बालक बॉक्सिंग आवासीय छात्रावास’ प्रदेशीय प्रतियोगिता में मुजफ्फरनगर के होनहार मुक्केबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक अपने नाम किए हैं।


वंश को रजत और अर्पण को कांस्य: तीन और चार अप्रैल को झांसी में आयोजित इस कड़े मुकाबले में मुजफ्फरनगर के वंश कश्यप ने अपनी फुर्ती और तकनीक का लोहा मनवाते हुए 38 से 40 किलोग्राम भार वर्ग में द्वितीय स्थान (रजत पदक) हासिल किया। वहीं, अर्पण कुमार ने भी रिंग में जबरदस्त संघर्ष दिखाते हुए 40 से 42 किलोग्राम भार वर्ग में तृतीय स्थान (कांस्य पदक) प्राप्त कर जिले का गौरव बढ़ाया।

अधिकारियों ने थपथपाई पीठ: खिलाड़ियों की इस बड़ी उपलब्धि पर जनपद वापसी के दौरान खेल विभाग के अधिकारियों और प्रशिक्षकों ने उत्साहवर्धन किया। जिला क्रीड़ा अधिकारी भूपेंद्र सिंह और बॉक्सिंग प्रशिक्षक ने खिलाड़ियों की मेहनत की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं। उप क्रीड़ा अधिकारी पूनम बिश्नोई और जिला बॉक्सिंग संघ के सचिव सतीश सेहरावत ने खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया और कहा कि ऐसे होनहार खिलाड़ी ही आगे चलकर ओलंपिक और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इस दौरान प्रशिक्षक मनीष कुमार सहित खेल जगत से जुड़े प्रदीप कुमार, सुशील कुमारी और भावना मलिक ने भी दोनों विजेताओं को सम्मानित कर उनकी प्रेरणा बढ़ाई। जिले में इस सफलता के बाद युवा खिलाड़ियों के बीच खुशी की लहर है।












Total views : 266597