
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। जनपद के फुगाना थाना क्षेत्र स्थित हबीबपुर सीकरी गांव में रविवार देर शाम एक बेहद दर्दनाक हादसे ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया। लगातार बारिश के बीच एक कच्चा मकान अचानक भरभराकर ढह गया, जिससे परिवार के सदस्य मलबे में दब गए। हादसे में परिवार के मुखिया इस्लाम (60 वर्ष) समेत चार मासूम बच्चों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो बच्चियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण राहत कार्य में जुट गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मकान मिट्टी और कड़ियों से बना हुआ था, जो अचानक तेज आवाज के साथ ढह गया। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना देने के साथ ही अपने स्तर पर मलबा हटाकर लोगों को बाहर निकालने का प्रयास शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही फुगाना थाना प्रभारी दीपक चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्य की कमान संभाली। मलबा हटाने के लिए जेसीबी मशीनों की सहायता ली गई।
हादसे में इस्लाम पुत्र नानू (60 वर्ष), रुखसार (10 वर्ष), अहद (5 वर्ष), अलसीबा (4 वर्ष) और जीशान (1 वर्ष) की मौत हो गई। वहीं रुकईया (8 वर्ष) और समईया (7 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हुई हैं। दोनों को मलबे से निकालकर तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्य का जायजा लिया। अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।
उधर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुजफ्फरनगर के इस हादसे का तत्काल संज्ञान लेते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को घायलों का समुचित उपचार सुनिश्चित कराने, राहत कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने तथा पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की है।

प्रशासन ने घटना के कारणों की तकनीकी जांच शुरू कर दी है। साथ ही पीड़ित परिवार को नियमानुसार आर्थिक सहायता और मुआवजा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है। इस हृदयविदारक हादसे से पूरे गांव में शोक का माहौल है।
Post Views: 215













Total views : 378232