मुजफ्फरनगर रोडवेज डिपों में हुई धनवर्षा, 10 दिन में कमाए चार करोड़ रुपये


चार लाख 14 हजार 460 यात्रियों ने की बसों में सवारी, मंडल में अव्वल
LP Live, Muzaffarnagar: दीपावली और छठ पर्व पर मुजफ्फरनगर रोडवेज डिपो में धन की वर्षा हुई। यह वर्षा अधिकारियों से लेकर चालक-परिचालकों की मेहनत के बूते हुई। त्योहारी मौसम में केवल 10 दिन में ही डिपो में पास चार करोड़ से अधिक आय अर्जित की गई। सहारनपुर मंडल के डिपो में मुजफ्फरनगर पहले स्थान पर रहा। गत वर्ष की तुलना में भी डिपो ने 33 प्रतिशत अधिक आय कमाकर लखनऊ में मुजफ्फरनगर रोडवेज डिपो की पहचान कराई।

दीपावली पर्व को लेकर उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के प्रबंधक ने सड़कों पर अधिक यात्री होने के चलते डिपो अधिकारियों और कर्मचारियों के अवकाश बंद कर दिए थे। इसके साथ ही चालक-परिचाक सहित डिपो के कर्मचारियों को ड्यूटी करने पर प्रोत्साहन देने की घोषणा की थी। इस कारण डिपो में तैनात अधिकारियों से लेकर कर्मचारियों ने बिना छुट्टी लिए काम किया। इससे यात्रियों को भी जनपद और रूट पर बसों की किल्लत नहीं हुई। अधिक यात्रियों को सुविधा देने के लिए डिपो में लगी 187 निगम की बसों के फेरे भी बढ़ाए। इससे चालक और परिचालकों को लोड फेक्टर बढ़ा, जिससे रोडवेज निगम डिपो की आय में वृद्धि हुई। मुजफ्फरनगर रोडवेज डिपो के केंद्र प्रभारी राजकुमार तोमर ने बताया कि दीपावली और छठ पर्व को लेकर 10 नवंबर से 20 नवंबर तक प्रोत्साहन योजना चलाई गई, जिसमें निगम अधिकारी और कर्मचारियों ने दिनरात काम किया। इससे डिपो ने 10 दिन में 4 करोड़ 05 लाख 94 हजार 371 रुपये आय अर्जित की। गत वर्ष की तुलना में इस वर्ष एक करोड़ 51 हजार 238 रुपये अधिक आय अर्जित हुई। सहारनपुर मंडल के सहारनपुर डिपो, छुटमलपुर, गंगोह, शामली, खतौली और मुजफ्फरनगर में मुजफ्फरनगर डिपो पहले स्थान पर रहा है। मुजफ्फरनगर डिपो की बसों में चार लाख यात्रियों ने सफर किया, जिससे यह आय प्राप्त हुई।
