
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। जनपद में महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण और तेजी से बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति नई पीढ़ी को जागरूक करने के उद्देश्य से शनिवार को एक विशेष अभियान चलाया गया। एमजी वर्ल्ड विजन स्कूल (MG World Vision School) में आयोजित बैज सेरेमनी के अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचीं पुलिस अधीक्षक अपराध (SP Crime) इन्दु सिद्धार्थ ने ‘मिशन शक्ति’ एवं साइबर जागरूकता कार्यक्रम के तहत छात्र-छात्राओं को सुरक्षा के प्रति सजग किया। एसपी क्राइम ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारम्भ किया। इस दौरान उनके साथ साइबर थाना प्रभारी, साइबर एक्सपर्ट्स और मिशन शक्ति की विशेष टीम भी मौजूद रही।
सोशल मीडिया पर लापरवाही पड़ सकती है भारी: एसपी क्राइम
कार्यक्रम में एसपी क्राइम इंदु सिद्धार्थ ने छात्र-छात्राओं को अनुशासित जीवन अपनाने और सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की सलाह दी। उन्होंने कहा, “आज के डिजिटल युग में जागरूकता ही साइबर अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है। हर विद्यार्थी को इंटरनेट बैंकिंग, सोशल मीडिया और ऑनलाइन गेमिंग के दौरान सतर्क रहना चाहिए।” उन्होंने युवाओं को समाज में सकारात्मक भूमिका निभाकर एक सुरक्षित माहौल तैयार करने के लिए प्रेरित किया।
फेक लिंक, ओटीपी फ्रॉड और साइबर बुलिंग पर दी महत्वपूर्ण टिप्स
कार्यशाला के दौरान साइबर सेल की टीम ने छात्र-छात्राओं को वर्तमान समय में होने वाले ऑनलाइन फ्रॉड, वित्तीय धोखाधड़ी, साइबर बुलिंग (ऑनलाइन उत्पीड़न) और फेक लिंक के खतरों से अवगत कराया। एक्सपर्ट्स ने बताया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपना ओटीपी (OTP) या बैंक डिटेल्स साझा न करें। इसके साथ ही छात्राओं को आत्मरक्षा के लिए प्रेरित करते हुए महिला सुरक्षा से जुड़े आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों—112 (आपातकालीन सेवा), 1090 (वूमेन पावर लाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन) और 1930 (साइबर अपराध हेल्पलाइन) के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
पौधा भेंट कर किया गया मुख्य अतिथि का स्वागत
इससे पूर्व, विद्यालय की प्रधानाचार्या डा. मूणालिनी अनंत ने मुख्य अतिथि एसपी क्राइम इन्दु सिद्धार्थ को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए एक पौधा भेंट कर उनका भव्य स्वागत और अभिनंदन किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने इस जागरूकता सत्र को बेहद उपयोगी बताते हुए मुजफ्फरनगर पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।
Post Views: 56













Total views : 310245