
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। शहर के मीनाक्षी चौक स्थित जैन इंटर कॉलेज में मंगलवार को राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) में प्रवेश के लिए आयोजित चयन परीक्षा में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। लिखित एवं शारीरिक परीक्षा के माध्यम से सफल अभ्यर्थियों का चयन दो वर्षीय नियमित एनसीसी प्रशिक्षण के लिए किया जाएगा।


विद्यालय प्रशासन के अनुसार जैन इंटर कॉलेज जनपद के उन चुनिंदा शिक्षण संस्थानों में शामिल है, जहां नियमित रूप से दो वर्षीय एनसीसी प्रशिक्षण संचालित किया जाता है। प्रत्येक वर्ष 25 छात्र-छात्राओं का चयन कर उन्हें एनसीसी का प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है।

एनसीसी भर्ती प्रक्रिया का आयोजन कमांडिंग ऑफिसर कर्नल प्रवीण भाल के मार्गदर्शन तथा विद्यालय के एनसीसी चीफ ऑफिसर सत्येन्द्र सिंह तोमर के निर्देशन में संपन्न हुआ। चयन प्रक्रिया के दौरान एनसीसी विभाग की ओर से नायब सूबेदार अजीत सिंह, हवलदार हरप्रीत सिंह, अनिल कुमार एवं विश्वेंद्र कुमार ने अभ्यर्थियों की लिखित और शारीरिक परीक्षा ली।
एनसीसी अधिकारियों ने विद्यार्थियों को बताया कि प्रशिक्षित कैडेट्स को भविष्य में भारतीय सेना सहित विभिन्न सेवाओं में चयन के दौरान सरकार द्वारा अनेक सुविधाएं और वरीयता प्रदान की जाती है। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. वशिष्ठ भारद्वाज ने कहा कि एनसीसी अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है तथा इसके जरिए देश के लिए समर्पित युवा शक्ति का निर्माण होता है।












Total views : 379129