
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर: स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर जनपद मुजफ्फरनगर में शहीदों को नमन करने और देशभक्ति का संदेश फैलाने के लिए ‘जज्बा दौड़-12’ का भव्य आयोजन होने जा रहा है। इस बार यह दौड़ मुख्य रूप से ‘एक देश-एक चुनाव’ के राष्ट्रीय संकल्प के समर्थन में समर्पित रहेगी। आयोजन समिति के अनुसार, 16 अगस्त (रविवार) को प्रातः 6 बजे राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान से इस 4 किलोमीटर लंबी दौड़ का शुभारंभ होगा। इस आयोजन को लेकर पूरे जिले के नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
रामायण धारावाहिक में श्रीराम की भूमिका निभाने वाले अरुण गोविल, विश्व योग गुरु बाबा रामदेव, पतंजलि के आचार्य बालकृष्ण और कल्कि पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम जैसी प्रमुख हस्तियों ने इस आयोजन को अपना समर्थन दिया है। इसके अलावा, पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान, प्रदेश के कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार, राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल, विधायक राजपाल बालियान, जिला पंचायत अध्यक्ष वीरपाल निर्वाल, विधायक मिथिलेश पाल, पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी, रालोद जिलाध्यक्ष संजय राठी, जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और एसएसपी संजीव वर्मा समेत जिले भर के तमाम जनप्रतिनिधि व प्रशासनिक अधिकारी छात्र-छात्राओं के साथ कदम से कदम मिलाकर इस दौड़ का हिस्सा बनेंगे।
आयोजन की रूपरेखा साझा करते हुए राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल, पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप, मार्गदर्शक सत्यप्रकाश रेशू और व्यवस्थापक अमित पटपटिया ने संयुक्त रूप से बताया कि प्रातः 6 बजे सबसे पहले लड़कों की दौड़ गेट नंबर 2 से शुरू होगी। इसके 15 मिनट बाद गेट नंबर 1 से लड़कियों की दौड़ को केसरिया झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा। लड़कियों की टीम की कमान ‘समर्पित युवा’ की महिला विंग और लड़कों की कमान पुरुष विंग संभालेगी।
यह दौड़ राजकीय इंटर कॉलेज मैदान से शुरू होकर महावीर चौक, मीनाक्षी चौक, शिव चौक, जिला अस्पताल, घास मंडी, अंसारी रोड, मालवीय चौक, झांसी की रानी चौक, कोर्ट रोड और प्रकाश चौक होते हुए वापस राजकीय इंटर कॉलेज मैदान पर समाप्त होगी, जहां रंगारंग देशभक्ति कार्यक्रम व पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा।
प्रतिभागियों के लिए 1100 से अधिक फॉर्म निशुल्क वितरित किए जा रहे हैं। प्रत्येक पंजीकृत जांबाज को टी-शर्ट दी जाएगी। शहीदों की स्मृति में पसीना बहाने वाले प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करने के लिए लकी ड्रा के जरिए 8 स्कूटर (एक-एक स्कूटर मुख्य विजेता लड़का-लड़की के लिए), 10 साइकिलें और कई जीवनोपयोगी उपहार वितरित किए जाएंगे। यह आयोजन ‘घर-घर तिरंगा’ अभियान को भी घर-घर तक पहुंचाने का काम करेगा।
दौड़ के मुख्य आयोजन से पूर्व, 12 अगस्त को सायं 4 बजे गांधी वाटिका (गांधी कॉलोनी) से ‘जज्बा-12 बाइक रैली’ निकाली जाएगी। राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल और भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे, जो शहर के विभिन्न मुख्य मार्गों से होती हुई रेशू विहार स्थित रेशू एडवरटाइजिंग पर संपन्न होगी।
आयोजन संबंधी प्रेसनोट जारी करते समय हितेश आनंद, अंकुर जैन, मनीष भारती, अजय अनेजा, गुलशन अरोड़ा, हरिश अरोरा, राजकुमार ग्रोवर, गौरव नारंग, कार्तिक कपिल, अगम बंसल, अनिकेत गुप्ता, संदीप राज, मनी पटपटिया, अंशु बाठला, पारूल कुमार और मेघा बाठला सहित समिति के कई सदस्य उपस्थित रहे।
Post Views: 31













Total views : 396281