
अभिषेक और तिलक के तूफानी अर्धशतकों से भारत ने बनाया रिकॉर्ड 211 रन का स्कोर
आखिरी ओवर में शिवम दुबे और बुमराह ने पक्की की ऐतिहासिक जीत
लोकपथ लाइव, नई दिल्ली: एशियाई खेल 2026एशियन गेम्स 2026 के पुरुष क्रिकेट स्पर्धा के हाई-वोल्टेज फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने अपने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 19 रन से मात देकर स्वर्णिम इतिहास रच दिया है। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 211 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया, जो टी20 अंतरराष्ट्रीय में पाकिस्तान के खिलाफ भारत का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। जवाब में पाकिस्तानी टीम 20 ओवर में 6 विकेट पर 192 रन ही बना सकी और उसे रजत पदक से संतोष करना पड़ा। इस शानदार जीत के साथ ही भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम ने एशियन गेम्स में लगातार दूसरी बार स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया है। इससे पहले महिला क्रिकेट टीम भी इस टूर्नामेंट में भारत के लिए स्वर्ण जीत चुकी है।


अभिषेक और तिलक का तूफान: टूटा 14 साल पुराना रिकॉर्ड
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को वैभव सूर्यवंशी (15) और अभिषेक शर्मा ने 28 रनों की शुरुआत दी। इसके बाद अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा ने पाकिस्तानी गेंदबाजों की जमकर बखिया उधेड़ी।
अभिषेक शर्मा की आतिशी पारी: अभिषेक ने महज 28 गेंदों में 3 चौके और 7 छक्कों की मदद से 61 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली।
तिलक वर्मा का नाबाद धमाका: तिलक वर्मा ने सिर्फ 22 गेंदों में 3 चौके और 4 छक्कों के साथ नाबाद 51 रन ठोके।
दुबे का फिनिशिंग टच: शिवम दुबे ने अंत में 15 गेंदों पर 27 रन बनाकर भारत का स्कोर 211 तक पहुंचाया।

आखिरी 18 गेंदों का रोमांच: जब अटक गई थीं सांसें
भारत का यह स्कोर पाकिस्तान के खिलाफ टी20 में 2012 के 192 रनों के रिकॉर्ड को तोड़ते हुए नया कीर्तिमान बन गया। 212 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान टीम की शुरुआत बेहद खराब रही और 39 रन पर ही उसके 3 विकेट गिर गए। हालांकि, हसन नवाज (96 रन) ने एक छोर से ताबड़तोड़ बल्लेबाजी जारी रखी और मैच को बेहद रोमांचक मोड़ पर ला खड़ा किया। 17 ओवर के बाद पाकिस्तान को जीत के लिए 18 गेंदों में 52 रन चाहिए थे।
18वां ओवर (वॉशिंगटन सुंदर): सुंदर ने दबाव में केवल 8 रन दिए और खतरनाक दिख रहे अब्दुल समद को आउट कर पाकिस्तान को बड़ा झटका दिया। 19वां ओवर (जसप्रीत बुमराह): यॉर्कर किंग बुमराह ने सटीक लाइन-लेंथ के साथ गेंदबाजी करते हुए सिर्फ 11 रन दिए। अब पाकिस्तान को आखिरी 6 गेंदों पर 33 रनों की दरकार थी।
आखिरी ओवर का पल-पल का ड्रामा
कप्तान ने आखिरी ओवर की कमान शिवम दुबे को सौंपी, सामने थे 90 रन बनाकर खेल रहे हसन नवाज, इसमें पहली गेंद पर नवाज ने चौका जड़ दिया। दुबे ने एक वाइड फेंकी, लेकिन दूसरी गेंद पर शानदार कमबैक करते हुए डॉट गेंद निकाली। तीसरी गेंद भी डॉट गेंद और मैच भारत की मुट्ठी में आ चुका था। चौथी गेंद पर नवाज ने लंबा छक्का जड़कर शतक के करीब (94 रन)पहुंचे (94 रन)। नवाज ने पांचवीं गेंद पर दो रन बटोरे। इसके बाद मैच की आखिरी गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में हसन नवाज 96 के स्कोर पर आउट हो गए। उनका शतक भी छूटा और पाकिस्तान 19 रन से मैच हार गया।
भारतीय गेंदबाजों का संयुक्त प्रहार
भारत के लिए गेंदबाज़ी में अक्षर पटेल (2/35), वॉशिंगटन सुंदर (2/32) और शिवम दुबे (2/31) ने दो-दो महत्वपूर्ण विकेट चटकाकर पाकिस्तान की लय तोड़ी। इस स्वर्णिम जीत के साथ ही पूरे देश में जश्न का माहौल है।












Total views : 428500