यूपी के आमों की विदेशों में बढ़ी डिमांड, कई देशों को भेजा
योगी ने मॉस्को, दुबई व बहरीन के लिए निर्यात। लखनऊ से 02 टन मॉस्को, 12 टन बहरीन और 01 टन आम दुबई किया जा रहा है निर्यात 15 टन आमों के ट्रकों को दी हरी झंडी।


LP Live, Lucknow: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ स्थित अवध शिल्पग्राम में उत्तर प्रदेश आम महोत्सव का शुभारम्भ किया। वहीं उन्होंने मॉस्को, दुबई व बहरीन को निर्यात किए जाने वाले आम के ट्रकों को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। विदेशों में यूपी की विभिन्न प्रजातियों के आम की ज्यादा मांग आ रही है।

महोत्सव के शुभारंभ के मौके पर सीएम योगी ने कहा कि आम महोत्सव प्रदेश के कृषि उत्पादों को देश व दुनिया के बाजार में स्थान दिला रहा है। यह अन्नदाता किसानों की आय को बढ़ाने का एक मंच है। प्रदेश में आम की लगभग एक हजार प्रजातियां का उत्पादन किया जाता है। इन आमों को जून से अगस्त माह तक प्रदेश सहित देशवासियों व दुनिया के अन्य देशों की मांग के अनुरूप आपूर्ति करने का कार्य किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने मॉस्को, दुबई व बहरीन को निर्यात किए जाने वाले आम के ट्रकों को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने उत्कृष्ट आम उत्पादक बागवानों व कृषकों व आम निर्यातकों को सम्मानित भी किया। इस मौके पर उन्होंने उत्तर प्रदेश आम महोत्सव-2023 की स्मारिका का विमोचन किया। इस अवसर पर जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह, महापौर लखनऊ श्रीमती सुषमा खर्कवाल, मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र, कृषि उत्पादन आयुक्त मनोज कुमार सिंह, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री, गृह एवं सूचना संजय प्रसाद सहित शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी व कृषकगण उपस्थित थे।
निर्यात से उत्पादकों को फायदा
मुख्यमंत्री ने कहा कि 07 से 09 जुलाई 2023 को रूस की राजधानी मॉस्को में आयोजित ‘आमरस महोत्सव’ में प्रदेश के कृषि विदेश व्यापार तथा कृषि निर्यात राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमण्डल सम्मिलित हुआ। जहां देखा गया कि रुस में प्रदेश के आम की मांग वहां बहुत ज्यादा है। मॉस्को में 800 रुपये किलो के दाम पर प्रदेश के बागवानों व कृषकों के आम खरीदे जा रहे हैं। हमारे किसानों को प्रति किलो 600 रुपये का शुद्ध लाभ प्राप्त हो रहा है, जो यहां के बाजार मूल्य से कई गुना अधिक है। अपने कृषि उत्पादों को खाड़ी देशों व यूरोपीय देशों तक पहुंचाने का यह सबसे अच्छा समय है।
कई जिलों में पैक हाउस बने
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों के उत्पादों को अन्तरराष्ट्रीय बाजार में पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। राज्य सरकार ने वाराणसी, लखनऊ, अमरोहा व सहारनपुर में पैक हाउस निर्मित कराएं हैं। विगत दिनों वाराणसी पैक हाउस से आम व ताजी सब्जियां दुबई के लिए निर्यात की गयीं। वैश्विक बाजार में हमारे कृषि उत्पादों की बहुत मांग है।
