
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। स्वास्थ्य विभाग ने शनिवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला अस्पताल और सीएमओ कार्यालय के ठीक सामने संचालित अरोरा नर्सिंग होम को सील कर दिया है। तंग गली में संचालित अरोरा नर्सिंग होम पर कार्रवाई करते हुए एसीएमओ डॉ. अजय कुमार ने औचक छापेमारी की, जिसके बाद अस्पताल का वैध पंजीकरण या कोई भी आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। गंभीर बात यह रही कि अस्पताल में अवैध रूप से एक एसएनसीयू संचालित मिली, जिसमें भर्ती 4 नवजात बच्चों को टीम ने सुरक्षित रेस्क्यू कर पंजीकृत अस्पतालों में शिफ्ट कराया।
सीएमओ को पूर्व में सूचना मिली थी कि अरोरा नर्सिंग होम अवैध रूप से संचालित है। यह नवजात बच्चों को भर्ती भी करता है, जबकि वहां योग्य चिकित्सक नहीं है। सीएमओ डा. सुनील तेवतिया को सूचना मिली की अस्पताल में नवजात भर्ती है। उन्होंने डिप्टी सीएमओ डा. अजय कुमार का टीम के साथ वहां भेजा। मौके पर मिली अनियमितताओं के आधार पर नर्सिंग होम सील किया गया। वहीं नवजात बच्चों को अन्य अस्पताल में भेजा गया। इस अवैध अस्पताल का खेल पूर्व सीएमओ के कार्यकाल के समय से ही धड़ल्ले से चल रहा था, जिसमें कार्यालय में ही तैनात एक कर्मचारी का हाथ था। वहीं विभागी गोपनीय सूचना तक वहां उपलब्ध कराता था। सीएमओ डा. सुनील कुमार तेवतिया ने बताया कि अवैध रूप से जिले में किसी भी नर्सिंग होम का संचालन नहीं होगा। कार्यालय कर्मचारी की मिलीभगत मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Post Views: 171












Total views : 383609