
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। श्री खाटू श्याम जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में भरतिया कॉलोनी स्थित श्रीगणपति खाटू श्याम मंदिर में 17 से 21 नवंबर तक पांच दिवसीय धार्मिक कार्यक्रमों की धूम रहेगी। जन्मोत्सव के अवसर पर 18 नवंबर को सुबह 10 बजे मंदिर परिसर से बाबा श्याम की भव्य रथयात्रा निकाली जाएगी। रथयात्रा में तीन बैंड, ढोल, आठ आकर्षक झांकियां और बाबा श्याम का विशेष रथ श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेगा। खास बात यह है कि बाबा का रथ श्रद्धालु अपने हाथों से खींचेंगे।
रथयात्रा गणपति धाम मंदिर से प्रारंभ होकर नवीन मंडी स्थल, बाबूराम गेट, जैन कन्या इंटर कॉलेज, गोशाला रोड, भोपा पुल, मालवीय चौक, सर्राफा बाजार, शिव चौक, सिविल लाइन्स थाने के सामने, रेलवे ओवरब्रिज, गांधी कॉलोनी बिजली घर और लक्ष्मीनारायण मंदिर होते हुए वापस मंदिर परिसर में संपन्न होगी। आयोजकों की ओर से जन्मोत्सव को लेकर तैयारियां की जा रही हैं।
पांच दिवसीय कार्यक्रमों का शुभारंभ 17 नवंबर को शाम सात बजे मंदिर प्रांगण में मेहंदी उत्सव के साथ होगा। 18 नवंबर को सुबह 10 बजे बाबा श्याम की रथयात्रा निकाली जाएगी। 19 नवंबर को सुबह नौ बजे कलश यात्रा आयोजित होगी। इसी दिन से 21 नवंबर तक प्रतिदिन दोपहर तीन से शाम छह बजे तक जयपुर के कथा व्यास गिरिराज शरण द्वारा श्री श्याम कथा का वाचन किया जाएगा।
20 नवंबर को सुबह नौ बजे शिव चौक से निशान यात्रा निकलेगी। शाम आठ बजे एकादशी संकीर्तन एवं भजन कार्यक्रम आयोजित होगा। वहीं, 21 नवंबर को शाम सात बजे कथा का समापन, बधाई उत्सव और भंडारे के साथ पांच दिवसीय जन्मोत्सव कार्यक्रमों का समापन होगा। धार्मिक आयोजनों को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह बना हुआ है।
Post Views: 136













Total views : 455605