
मेवला भट्ठी गांव स्थित ईंट भट्ठे पर हुई दर्दनाक घटना; शव गांव पहुँचते ही मचा कोहराम
लोकपथ लाइव, लोनी (गाजियाबाद): लोनी क्षेत्र के मेवला भट्ठी गांव स्थित एक ईंट भट्ठे पर काम करने वाली मुजफ्फरनगर निवासी 25 वर्षीय महिला की मोबाइल फोन चार्ज करते समय करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतका की पहचान हिना परवीन के रूप में हुई है। इस संबंध में मृतका के पिता ने दामाद पर गंभीर आरोप लगाते हुए भट्ठा मालिक और ठेकेदार समेत तीन लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


लोनी में पति के साथ मजदूरी करती थी हिना
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 25 वर्षीया हिना परवीन अपने पति नौशाद के साथ मेवला भट्ठी स्थित ईंट भट्ठे पर मजदूरी करती थी। हिना के पिता अलमदीन (निवासी पुरबालियान) ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी का विवाह लगभग छह वर्ष पूर्व मोलाहेडी गांव के निवासी नौशाद के साथ हुआ था। मौत के बाद पति नौशाद पत्नी के शव को अपने गांव मोलाहेडी लेकर पहुंचा और उसने फोन कर परिजनों को सूचना दी कि मोबाइल फोन चार्ज करने के दौरान हिना को बिजली का तेज झटका लग गया था। पति नौशाद जब हिना के शव को लेकर मोलाहेडी गांव पहुंचा और उसकी मौत की खबर मायके वालों को मिली, तो परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। मृतका के पिता अलमदीन का आरोप है कि जब वे गांव पहुंचे तो बेटी के ससुराल पक्ष के लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट भी की। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जांच अधिकारी विपिन कुमार त्यागी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का स्पष्ट कारण बिजली का करंट लगना ही सामने आया है।

लोनी थाने स्थानांतरित हुआ मामला
घटना के बाद पीड़ित पिता अलमदीन की ओर से मुजफ्फरनगर के मंसूरपुर थाने में तहरीर दी गई। शिकायत में मृतका के पति नौशाद, ईंट भट्ठा मालिक दिनेश और ठेकेदार इमरान पर गंभीर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया गया, जिसके आधार पर मंसूरपुर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया। चूंकि घटनास्थल गाजियाबाद के लोनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है, इसलिए मुकदमे की फाइल लोनी थाने स्थानांतरित कर दी गई इस मामले की जानकारी देते हुए एसीपी लोनी रामकिशन ने बताया कि चूंकि घटनास्थल लोनी थाना क्षेत्र का है, इसलिए मंसूरपुर थाने से ट्रांसफर होकर आया केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने तीनों नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला पंजीकृत कर लिया है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।











Total views : 424907