
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर: दून वैली परिसर में असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक पावन पर्व विजयदशमी अत्यंत हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ विद्यालय की मैनेजर सुमन सिंघल, डायरेक्टर अनुराग सिंघल, उपप्रधानाचार्या ईवा गुप्ता तथा विशिष्ट अतिथियों डॉ. अभिषेक गर्ग ने संयुक्त रूप से माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन कर किया।
कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने भगवान श्रीराम, लक्ष्मण जी, माता सीता और हनुमान जी की सुंदर वेशभूषा धारण कर सभी का मन मोह लिया। इसके अलावा विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रामलीला के प्रमुख प्रसंगों और मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों और अभिभावकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस अवसर पर विद्यालय की उपप्रधानाचार्या ईवा गुप्ता ने विद्यार्थियों को कहा कि विजयदशमी का पर्व हमें हमेशा सत्य के मार्ग पर चलने, अपने भीतर के अहंकार एवं बुराइयों का त्याग करने तथा भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने की गहरी प्रेरणा देता है। डायरेक्टर अनुराग सिंघल ने सभी को विजयदशमी की विशेषताएं बताई। इस सफल और भव्य आयोजन में विद्यालय की सभी अध्यापिकाओं और स्टाफ सदस्यों का विशेष योगदान रहा।
Post Views: 203













Total views : 440008