
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के भोपा रोड स्थित इवान हॉस्पिटल के वरिष्ठ फिजीशियन की छवि और वीडियो का दुरुपयोग करने का मामला सामने आया है। किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा तकनीकी माध्यम (Deepfake/Editing) से डॉक्टर का फर्जी वीडियो तैयार कर इंस्टाग्राम पर ‘शक्तिवर्धक तेल’ का विज्ञापन वायरल कर दिया गया। पीड़ित डॉक्टर की शिकायत पर नई मंडी थाने में इंस्टाग्राम अकाउंट संचालक और उसके अज्ञात साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
इंस्टाग्राम पर स्क्रॉलिंग के दौरान सामने आया फर्जी वीडियो
इवान हॉस्पिटल के वरिष्ठ चिकित्सक डा. पंकज जैन ने जानकारी दी कि कुछ दिन पहले जब वे इंस्टाग्राम चला रहे थे, तब उनके सामने यह भ्रामक वीडियो आया। वीडियो में उन्हें ‘प्लेमोर अमेरिकन ऑयल’ (Playmore American Oil) का प्रचार करते हुए और उसकी विशेषताएं बताते हुए दिखाया गया था। यह फर्जी विज्ञापन ‘प्ले मोर हर्ब्स’ (Play More Herbs) नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट से पोस्ट किया गया था।
डॉक्टर ने स्पष्ट किया कि उन्होंने न तो कभी ऐसा कोई विज्ञापन शूट किया है और न ही किसी को अपनी फोटो या वीडियो के इस तरह के व्यावसायिक इस्तेमाल की अनुमति दी है। आरोपी ने आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से उनकी प्रतिष्ठा को ठेस पहुँचाने के लिए यह भ्रामक वीडियो तैयार किया है।
थाना पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
नई मंडी थाना प्रभारी ने बताया कि डॉक्टर की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब तकनीकी सहायता (Cyber Cell) की मदद से उस इंस्टाग्राम अकाउंट और उसे संचालित करने वाले अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
Post Views: 75












Total views : 440008