
लोकपथ लाइव, लखनऊ। डिजिटल इंडिया अभियान के तहत उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने शिक्षा के डिजिटलीकरण में एक नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड कायम किया है। ऑटोमेटेड परमानेंट एकेडमिक अकाउंट रजिस्ट्री (APAAR) आईडी निर्माण में उत्तर प्रदेश स्कूल और उच्च शिक्षा दोनों ही श्रेणियों में देश में नंबर-1 राज्य बन गया है। शासन द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, स्कूल शिक्षा में यूपी ने 2,95,90,359 अपार आईडी तैयार कर देशभर में शीर्ष स्थान हासिल किया है, जबकि इस सूची में महाराष्ट्र दूसरे और बिहार तीसरे स्थान पर है। वहीं, उच्च शिक्षा के क्षेत्र में भी प्रदेश के 73,20,603 छात्रों की डिजिटल पहचान (अपार आईडी) बनाकर उत्तर प्रदेश पहले स्थान पर काबिज है, जहाँ महाराष्ट्र और राजस्थान क्रमशः दूसरे व तीसरे नंबर पर हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में नई शिक्षा नीति (एनईपी-2020) के अनुरूप शिक्षा व्यवस्था को पारदर्शी और छात्र-केंद्रित बनाने के लिए इस अभियान को गति दी गई है। हाल ही में मुख्य सचिव की बैठक में निर्देश दिए गए हैं कि शैक्षणिक वर्ष 2025 के सभी डिग्री, डिप्लोमा और प्रमाण पत्रों को जुलाई 2026 तक अनिवार्य रूप से एनएडी और एबीसी जैसे प्लेटफॉर्म पर अपलोड कर अपार आईडी से मैप किया जाए। इस डिजिटल पहचान से छात्रों को स्कूल बदलने, छात्रवृत्ति और रोजगार संबंधी प्रक्रियाओं में बड़ी सुविधा मिलेगी।
Post Views: 76













Total views : 376352