
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर/लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य (MLC) मोहित बेनीवाल ने लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट कर क्षेत्र के विकास और सांस्कृतिक पुनर्जागरण से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे प्रमुखता से उठाए। इस मुलाकात के दौरान उन्होंने जनपद मुजफ्फरनगर का नाम परिवर्तन कर “लक्ष्मीनगर” किए जाने की मांग का आधिकारिक पत्र मुख्यमंत्री को सौंपा।
एमएलसी मोहित बेनीवाल ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि मुजफ्फरनगर का नाम बदलने की यह मांग क्षेत्रवासियों द्वारा लंबे समय से की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह केवल नाम बदलने का विषय नहीं है, बल्कि यह हमारे सांस्कृतिक गौरव, प्राचीन सभ्यता के पुनर्जागरण और ऐतिहासिक सत्य की पुनर्स्थापना का संकल्प है। मुजफ्फरनगर की भूमि अत्यंत पवित्र और पौराणिक है, जहाँ महाभारत काल से जुड़े शुक्रताल में राजा परीक्षित ने ऋषि शुकदेव से भागवत पुराण का ज्ञान प्राप्त किया था। उन्होंने कहा कि इस पवित्र स्थल की पहचान किसी मुगल शासक मुजफ्फर अली के नाम से होना अनुचित है। कृषि, व्यापार, आर्थिक समृद्धि और गुड़ की मिठास के लिए प्रसिद्ध यह क्षेत्र “लक्ष्मीनगर” नाम मिलने से अपनी प्राचीन गरिमा को पुनः प्राप्त करेगा और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा।
शामली जिले के लिए भी रखी कई मांगे
इस दौरान मोहित बेनीवाल ने शामली जिले के विकास से जुड़ी दो अन्य अहम मांगें भी रखीं। उन्होंने जनपद शामली की तहसील एवं विकास खंड ऊन में एक नए राजकीय डिग्री कॉलेज की स्थापना के लिए मांग पत्र सौंपा, ताकि क्षेत्र के युवाओं को उच्च शिक्षा के लिए सुलभ अवसर मिल सकें। इसके साथ ही उन्होंने विकास खंड थानाभवन के ग्राम खेड़ा गदाई में नवनिर्मित पशु चिकित्सालय के सुचारू संचालन का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि चिकित्सालय का भवन बनकर पूरी तरह तैयार है, लेकिन आवश्यक पदों का सृजन न होने के कारण यह शुरू नहीं हो पा रहा है। उन्होंने किसान हित और पशुपालकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए चिकित्साधिकारी, पशु फार्मासिस्ट और अन्य जरूरी पदों पर जल्द नियुक्ति व सृजन की मांग की।
इस अवसर पर एमएलसी मोहित बेनीवाल ने पावन श्रावण मास और कांवड़ यात्रा की शुभकामनाएं देते हुए प्रदेशभर में कांवड़ यात्रा के दौरान की गई श्रद्धा, सुरक्षा और सुव्यवस्थित प्रबंधों के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार भी व्यक्त किया।
Post Views: 140













Total views : 394082