
लोकपथ लाइव, गोरखपुर। शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले प्रदेश के 81 शिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा। आज शनिवार को गोरखपुर के योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित भव्य समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चयनित शिक्षकों को ‘राज्य अध्यापक पुरस्कार 2025’ और ‘मुख्यमंत्री अध्यापक पुरस्कार 2025’ प्रदान करेंगे।


पुरस्कार के लिए चयनित 81 शिक्षकों में बेसिक शिक्षा विभाग के 61 और माध्यमिक शिक्षा विभाग के 20 शिक्षक शामिल हैं। इनमें 33 महिला शिक्षक हैं, जिनमें 31 बेसिक और दो माध्यमिक शिक्षा विभाग से हैं। समारोह में 76 शिक्षकों को राज्य अध्यापक पुरस्कार दिया जाएगा, जबकि स्ववित्तपोषित माध्यमिक विद्यालयों के पांच शिक्षकों को मुख्यमंत्री अध्यापक पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। स्ववित्तपोषित विद्यालयों के शिक्षकों के लिए मुख्यमंत्री अध्यापक पुरस्कार की शुरुआत वर्ष 2018 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने की थी। प्रत्येक सम्मानित शिक्षक को प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह और 25 हजार रुपये की सम्मान राशि प्रदान की जाएगी। राज्य स्तरीय पुरस्कार पाने वाले शिक्षकों की सेवानिवृत्ति आयु सीमा में दो वर्ष की वृद्धि के साथ उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में आजीवन निशुल्क यात्रा की सुविधा भी मिलेगी। समारोह में प्रदेशभर से पहुंचे चयनित शिक्षकों के ठहरने की व्यवस्था शासन की ओर से विशिष्ट अतिथि के रूप में की गई है। कार्यक्रम को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार गुलाब देवी और बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार संदीप सिंह संबोधित करेंगे। इस दौरान मत्स्य विभाग के मंत्री संजय निषाद, गोरखपुर सांसद रविकिशन सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।













Total views : 410436