Select Language :

Home » उत्तर प्रदेश » बिजनौर में सीएम योगी बोले, दोस्ती की आड़ में छुरेबाजी स्वीकार्य नहीं

बिजनौर में सीएम योगी बोले, दोस्ती की आड़ में छुरेबाजी स्वीकार्य नहीं

लोकपथ लाइव, बिजनौर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को महात्मा विदुर की पावन धरती बिजनौर में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान पाकिस्तान से विस्थापित 1645 परिवारों, पूर्व सैनिकों और लीजधारकों को भूमिधरी अधिकार पत्र (जमीन के मालिकाना हक के कागज) वितरित कर उनके जीवन में खुशियों की नई रोशनी फैलाई। इस अवसर पर जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने गाजियाबाद की एक हालिया घटना का जिक्र करते हुए सख्त रुख अपनाया और दो-टूक कहा कि दोस्ती की आड़ में छुरेबाजी कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कुछ मौलवी-मौलाओं के बयानों पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि गाय हमारी माता है और हमारा उससे जन्म-जन्मांतर का नाता है।  इसे पशु कहने वालों की बुद्धि पशुवत है। सीएम ने कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि जो लोग सोशल मीडिया पर गोमाता का चित्र लगाकर त्योहारों की बधाई देने का ढोंग करते हैं, वे अपने चेलों को समझा लें, क्योंकि उत्तर प्रदेश में गोहत्या या गोमाता के साथ हिमाकत करने वालों की ऐसी दुर्गति होगी कि उनकी कई पीढ़ियां याद रखेंगी।

मुख्यमंत्री सीएम योगी ने कहा कि पाकिस्तान में मजहबी कट्टरता के शिकार हुए इन निर्दोष हिंदू और सिख विस्थापितों की पुश्तैनी संपत्तियों पर 1946-48 में जबरन कब्जे किए गए, लेकिन दशकों बीतने के बाद आज हमारी सरकार सीएए (नागरिकता संशोधन कानून) के माध्यम से चौथी पीढ़ी को उनका वास्तविक अधिकार दे रही है। उन्होंने सपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि इन दलों ने हमेशा शरणार्थियों को नागरिकता देने का विरोध किया और बांग्लादेशी घुसपैठियों को प्रश्रय दिया। सीएम ने कहा कि भारत के खिलाफ द्रोह करने वालों और अपराधियों के खिलाफ सरकार पूरी निर्ममता से लड़ेगी।

बिजनौर के विकास का खाका खींचते हुए उन्होंने बताया कि क्षेत्र को गंगा एक्सप्रेसवे से जोड़ने की तैयारी चल रही है, महात्मा विदुर के नाम पर मेडिकल कॉलेज बन चुका है और युवाओं को बिना किसी भाई-भतीजावाद या कमीशन के पुलिस व अन्य सरकारी नौकरियां मिल रही हैं। उन्होंने यह भी एलान किया कि यह वर्ष पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की 125वीं जयंती का होने जा रहा है, जिसे यादगार बनाया जाएगा और पश्चिमी यूपी की चीनी मिलों का आधुनिकीकरण किया जाएगा। पाकिस्तान को चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि यदि उसने भारत की सीमा में कोई दुस्साहस किया, तो लखनऊ में बन रही ब्रह्मोस मिसाइल उसका अस्तित्व समाप्त कर देगी।

इस अवसर पर प्रदेश सरकार के मंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह, कपिलदेव अग्रवाल, सुरेंद्र दिलेर, सांसद चंदन चौहान, विधायक कुंवर सुशांत सिंह, अशोक राणा, ओम कुमार, शुचि चौधरी सहित कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि और भारी जनसैलाब उपस्थित रहा।

Share this post:

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

खबरें और भी हैं...

वोट करें

[democracy id="1"]

Our Visitor

1 2 8 3 9 5
Total views : 373878

Follow us on