
लोकपथ लाइव, शुकतीर्थ (मुज़फ्फरनगर)। “सेवा संकल्प अभियान” के अंतर्गत आयोजित “सेवा मेरा योगदान” कार्यक्रम के तहत प्रसिद्ध धार्मिक स्थल शुकतीर्थ स्थित पवित्र गंगा घाट पर व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। भारतीय जनता पार्टी की जिला मंत्री एवं कार्यक्रम संयोजिका ममता अग्रवाल के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में कार्यकर्ताओं और स्थानीय श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान ममता अग्रवाल ने स्वयं झाड़ू थामकर गंगा घाट परिसर की सफाई की और समाज को स्वच्छता का संदेश दिया।
घाट पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए जिला मंत्री ममता अग्रवाल ने कहा कि “देश हमारा—जिम्मेदारी हमारी” केवल एक औपचारिक नारा नहीं है, बल्कि यह हर नागरिक को अपनी सामाजिक जिम्मेदारियों का अहसास कराने वाला संकल्प है। उन्होंने जोर देकर कहा कि स्वच्छता किसी एक व्यक्ति, संस्था या सरकार का काम नहीं है, बल्कि इसमें समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता आवश्यक है। यदि नागरिक अपने घर, आसपास के वातावरण और सार्वजनिक व धार्मिक स्थलों को साफ रखने का नियम बना लें, तो न केवल पर्यावरण सुंदर बनेगा बल्कि बीमारियों पर भी रोकथाम लगेगी। उन्होंने अपील की कि घाटों पर कचरा न फैलाएं।
गंगा की पौराणिकता और महत्व पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि गंगा हमारी आस्था, संस्कृति और जीवनदायिनी धारा है। इसकी निर्मलता व स्वच्छता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने उपस्थित लोगों को गंगा को प्रदूषण मुक्त रखने और घाटों की स्वच्छता बनाए रखने की शपथ दिलाई।
इसी कड़ी में “नमामि गंगे परियोजना” के तहत आयोजित कार्यक्रम में भी ममता अग्रवाल ने शिरकत की, जहाँ जनभागीदारी के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण पर बल दिया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम के सह-संयोजक सर्वेश त्यागी, मंडल अध्यक्ष अरुण पाल सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में धार्मिक स्थलों व गंगा घाटों को निरंतर स्वच्छ और निर्मल बनाए रखने का संकल्प दोहराया।
Post Views: 99













Total views : 426148