Select Language :

Home » उत्तर प्रदेश » Muzaffarnagar: पालिकाध्यक्ष तक नहीं पहुंची आवाज, MLA पंकज मलिक मदद को आगे आए

Muzaffarnagar: पालिकाध्यक्ष तक नहीं पहुंची आवाज, MLA पंकज मलिक मदद को आगे आए

लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। शहर के व्यस्ततम शिव चौक पर जलभराव के बीच काम पर निकले एक डिलीवरी बॉय का कीमती मोबाइल फोन पानी में गिरकर गुम हो जाने के बाद, चरथावल विधानसभा क्षेत्र से सपा विधायक पंकज मलिक मदद के लिए आगे आए हैं। पीड़ित डिलीवरी बॉय विशाल का रोते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विधायक पंकज मलिक ने संवेदनशीलता दिखाते हुए उसे नया स्मार्टफोन दिलाया, ताकि उसकी रोजी-रोटी का जरिया दोबारा शुरू हो सके।
दरअसल, गत मंगलवार को शहर में हुई तेज बारिश के कारण शिव चौक पर घुटनों तक जलभराव हो गया था। इस दौरान पीड़ित डिलीवरी बॉय विशाल ऑर्डर डिलीवर करने जा रहा था। गहरे पानी में अचानक संतुलन बिगड़ने से उसका मोबाइल फोन सड़क पर गिरकर लापता हो गया। काफी तलाश के बाद भी जब फोन नहीं मिला, तो रोते हुए विशाल का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। बेबस डिलीवरी बॉय ने नगर पालिका प्रशासन से फोन ढूंढने और आर्थिक मदद की गुहार लगाई थी। उसने कहा था कि वह बेहद गरीब है और मोबाइल ही उसके परिवार का पेट पालने का इकलौता जरिया है।
तमाम गुहार के बावजूद पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप या पालिका प्रशासन की ओर से पीड़ित को कोई मदद नहीं मिली। पालिका की इस बेरुखी के बीच डिलीवरी बॉय के आंसुओं को देख चरथावल विधायक पंकज मलिक का दिल पसीज गया। विधायक ने तुरंत मामले का संज्ञान लिया और विशाल को बुलाकर नया मोबाइल हैंडसेट सौंपा। नया फोन मिलते ही डिलीवरी बॉय के चेहरे पर खुशी लौट आई और उसने विधायक पंकज मलिक का सहृदय आभार व्यक्त किया। वहीं, इस पूरे घटनाक्रम ने नगर पालिका के जल निकासी के दावों और जनप्रतिनिधियों की संवेदनशीलता की पोल खोल दी है।

Share this post:

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

खबरें और भी हैं...

वोट करें

[democracy id="1"]

Our Visitor

1 4 4 3 2 4
Total views : 401318

Follow us on