Select Language :

Home » एजुकेशन » मुजफ्फरनगर: परिषदीय विद्यालयों में रंगाई-पुताई न होने पर बीएसए नाराज

मुजफ्फरनगर: परिषदीय विद्यालयों में रंगाई-पुताई न होने पर बीएसए नाराज

लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर: जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने शनिवार को खतौली ब्लॉक एवं नगर क्षेत्र के पांच परिषदीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकांश विद्यालयों में शैक्षिक व्यवस्था, मध्याह्न भोजन, पेयजल, शौचालय एवं स्मार्ट क्लास जैसी व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं, जबकि कई विद्यालयों में वर्षों से रंगाई-पुताई और पेंटिंग न कराए जाने पर गंभीर नाराजगी जताते हुए संबंधित प्रधानाध्यापकों एवं इंचार्ज अध्यापकों के विरुद्ध अलग से कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण की शुरुआत प्राथमिक विद्यालय भैंसी-2 से हुई, जहां एक सहायक अध्यापिका बाल्य देखभाल अवकाश पर मिलीं, जबकि अन्य समस्त स्टाफ उपस्थित था। विद्यालय में 90 नामांकित विद्यार्थियों के सापेक्ष 55 बच्चे उपस्थित मिले। बच्चों का शैक्षिक स्तर संतोषजनक पाया गया तथा अंग्रेजी एवं हिंदी पुस्तकों का वाचन कराया गया। विद्यालय में स्मार्ट क्लास संचालित मिली। बीएसए ने विद्यालय भवन की रंगाई-पुताई कराने के निर्देश दिए।

इसके बाद उच्च प्राथमिक विद्यालय (1-8) पक्का बाग का निरीक्षण किया गया। यहां सभी शिक्षक उपस्थित मिले तथा 197 नामांकित विद्यार्थियों में से 126 बच्चे मौजूद थे। विद्यालय में अधिकांश व्यवस्थाएं संतोषजनक रहीं, लेकिन भवन की वर्षों से रंगाई-पुताई न होने पर बीएसए ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि बार-बार लिखित एवं मौखिक निर्देशों के बावजूद कार्य न होना आदेशों की प्रत्यक्ष अवहेलना है। संबंधित प्रधानाध्यापक के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। बच्चों को नियमित यूनिफॉर्म पहनकर विद्यालय आने के निर्देश भी दिए गए।

उच्च प्राथमिक विद्यालय (1-8) कानूनगोयान में निरीक्षण के दौरान इंचार्ज अध्यापक आकस्मिक अवकाश पर मिले। यहां 353 नामांकित विद्यार्थियों के सापेक्ष 182 बच्चे उपस्थित थे। विद्यालय में मध्याह्न भोजन, पेयजल और शौचालय की व्यवस्था संतोषजनक मिली। हालांकि भवन की रंगाई-पुताई लंबे समय से न होने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी बच्चों को नियमित यूनिफॉर्म में विद्यालय भेजने के निर्देश दिए गए।

कंपोजिट प्राथमिक विद्यालय सठेड़ी रोड में दो शिक्षामित्र क्रमशः अवैतनिक एवं आकस्मिक अवकाश पर मिलीं। विद्यालय में 166 नामांकित विद्यार्थियों के सापेक्ष 109 बच्चे उपस्थित पाए गए। मध्याह्न भोजन निर्धारित मेन्यू के अनुसार तैयार हो रहा था तथा पेयजल एवं शौचालय की व्यवस्था भी सुचारु मिली। लेकिन भवन की जर्जर रंगाई-पुताई पर बीएसए ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित प्रधानाध्यापक के विरुद्ध कार्रवाई की बात कही।

निरीक्षण के अंतिम चरण में प्राथमिक विद्यालय शेखपुरा का निरीक्षण किया गया। यहां समस्त स्टाफ उपस्थित मिला तथा 156 नामांकित विद्यार्थियों में से 90 बच्चे उपस्थित थे। विद्यालय में मध्याह्न भोजन, पेयजल और शौचालय की व्यवस्था संतोषजनक मिली, लेकिन भवन की रंगाई-पुताई वर्षों से न होने पर संबंधित प्रधानाध्यापक के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए। बीएसए ने सभी विद्यालयों में बच्चों की नियमित यूनिफॉर्म, स्वच्छ परिसर तथा भवनों की समयबद्ध रंगाई-पुताई सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए।

Share this post:

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

खबरें और भी हैं...

वोट करें

[democracy id="1"]

Our Visitor

1 2 9 5 0 0
Total views : 376352

Follow us on