
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। जनपद के होनहार खिलाड़ी अर्जुन देशवाल ने अंतर्राष्ट्रीय खेल पटल पर देश और जिले का नाम एक बार फिर से रोशन किया है। जापान में आयोजित 20वें एशियाई खेलों की कबड्डी स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर लौटे अर्जुन देशवाल का जिला प्रशासन और खेल विभाग द्वारा अभिनंदन किया गया। बुधवार को जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी के निर्देशन में प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी भूपेंद्र सिंह यादव ने अर्जुन देशवाल के पैतृक गांव बसेड़ा पहुंचकर उन्हें सम्मानित किया।
सम्मान समारोह के दौरान क्रीड़ा अधिकारी भूपेंद्र सिंह यादव और विभागीय अधिकारियों ने अर्जुन देशवाल को पटका व फूलमाला पहनाकर, स्मृति चिन्ह भेंट कर तथा मिठाई खिलाकर इस ऐतिहासिक सफलता की बधाई दी। खेल अधिकारियों ने कहा कि अर्जुन देशवाल मुजफ्फरनगर के वास्तविक गौरव हैं, जिन्होंने अपनी कड़ी मेहनत, अटूट लगन और असाधारण खेल प्रतिभा के दम पर प्रो-कबड्डी लीग से लेकर अंतर्राष्ट्रीय मंच तक देश का परचम लहराया है। उनकी इस स्वर्णिम उपलब्धि से पूरे जिले में खुशी की लहर दौड़ गई है।
प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी ने अर्जुन देशवाल को युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि उनकी यह सफलता जनपद के अन्य उभरते खिलाड़ियों को भी राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी। इस गरिमामय अवसर पर उप क्रीड़ा अधिकारी सुश्री पूनम विश्नोई, राकेश कुमार, प्रदीप कुमार, संजीव कुमार, मनीष शर्मा तथा जिला खेल कार्यालय मुजफ्फरनगर का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। सभी अधिकारियों एवं ग्रामीणों ने अर्जुन देशवाल को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और कामना की कि वे आगे भी देश के लिए स्वर्ण पदक जीतकर जिले का नाम रोशन करते रहें।
Post Views: 98













Total views : 426555