
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। सहारनपुर मंडल के स्वास्थ्य विभाग के उच्च अधिकारियों ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से शनिवार को निरीक्षण अभियान चलाया। चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग सहारनपुर मंडल के अपर निदेशक डॉ. लोकेश चंद्र गुप्ता एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. सुनील तेवतिया ने संयुक्त रूप से खतौली ब्लॉक क्षेत्र में मंसूरपुर के निकट स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर खानूपुर का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने केंद्र पर उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता, पैथोलॉजी जांच सुविधाओं तथा परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था का गहनता से जायजा लिया। अधिकारियों ने केंद्र में आए मरीजों से बातचीत कर उन्हें मिल रही डॉक्टरी सलाह और दवाओं की स्थिति के बारे में भी जानकारी हासिल की।
अपर निदेशक डॉ. लोकेश चंद्र गुप्ता ने स्वास्थ्य कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि आयुष्मान आरोग्य मंदिर ग्रामीण अंचलों में प्राथमिक स्तर पर त्वरित और सुलभ चिकित्सा सेवाएं पहुंचाने का सबसे सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि केंद्र पर आने वाले प्रत्येक लाभार्थी को समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा मिले और शासन द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
वहीं, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने कर्मियों को हिदायत दी कि उपलब्ध संसाधनों का सर्वोत्तम उपयोग करते हुए मरीजों की देखभाल की जाए। उन्होंने क्षेत्र की जनता को स्वास्थ्य योजनाओं के प्रति जागरूक करने और नियमित रूप से स्वास्थ्य कार्यक्रमों की निगरानी सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए।
Post Views: 124













Total views : 423848