
लोकपथ लाइव, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा और सम्मानजनक भविष्य सुनिश्चित करने के लिए बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के विरुद्ध अभियान को नई गति दे रही है। इसी क्रम में 27 नवंबर 2026 शुक्रवार को प्रदेश के सभी उच्च प्राथमिक, कंपोजिट तथा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में विशेष जागरूकता और सामूहिक शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस संबंध में सभी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को बाल विवाह के दुष्परिणामों, बालिकाओं की शिक्षा और सुरक्षा के महत्व तथा इस कुरीति के उन्मूलन में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक किया जाएगा, जिसके बाद शिक्षक, विद्यार्थी और कर्मचारी सामूहिक रूप से बाल विवाह के विरुद्ध शपथ लेंगे। इस मुहिम से परिवार और समाज को सीधे जोड़ने के उद्देश्य से विद्यालय प्रबंध समितियों के सदस्यों और अभिभावकों को भी आमंत्रित किया गया है। इसके अतिरिक्त, सभी प्रतिभागियों को भारत सरकार के ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ पोर्टल पर ऑनलाइन शपथ लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
गौरतलब है कि केंद्र सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा 21 अक्टूबर से 21 दिसंबर 2026 तक 100 दिवसीय ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है और 27 नवंबर को आयोजित होने वाले ये कार्यक्रम इसी राष्ट्रव्यापी अभियान का एक महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।
Post Views: 34












Total views : 459439