
पिकनिक से आगरा लौट रही थी बच्चों से भरी बस, ठठिया थाना क्षेत्र के किलोमीटर 209 के पास हुआ दर्दनाक हादसा
लोकपथ लाइव, कन्नौज: उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार को एक हृदयविदारक सड़क हादसा हो गया। पिकनिक मनाकर लौट रहे स्कूली बच्चों की बस को पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में 4 बच्चों की मौत हो गई, जबकि 35 बच्चे घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया और तत्काल राहत व बचाव कार्य शुरू कराया।


खड़ी बस में पीछे से घुसा अनियंत्रित ट्रक
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना ठठिया थाना क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 209 के समीप हुई। बताया जा रहा है कि आगरा के स्कूली बच्चों को लेकर एक बस पिकनिक के लिए कौशांबी गई थी। मंगलवार को बच्चे और शिक्षक बस से वापस आगरा लौट रहे थे। रास्ते में एक्सप्रेसवे पर बस रुकी हुई थी, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बस में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के वक्त बस में लगभग 50 बच्चे और 6 शिक्षक सवार थे।

एंबुलेंस की मदद से घायलों को पहुंचाया तिर्वा मेडिकल कॉलेज
दुर्घटना की खबर मिलते ही स्थानीय पुलिस व एक्सप्रेसवे सुरक्षा टीम ने मौके पर पहुंचकर बस में फंसे बच्चों को बाहर निकाला। सभी घायल बच्चों को तुरंत एंबुलेंस के माध्यम से राजकीय मेडिकल कॉलेज, तिर्वा भिजवाया गया, जहां चिकित्सकों की टीम उनका उपचार कर रही है। हादसे में चार बच्चों की जान जाने की पुष्टि होने के बाद परिजनों व स्कूल प्रशासन में कोहराम मच गया।
डीएम और एसपी ने अस्पताल पहुंचकर लिया जायजा
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार तत्काल तिर्वा मेडिकल कॉलेज पहुंचे। दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने वार्ड में जाकर घायल बच्चों से बातचीत की और उनका हाल जाना। उन्होंने मेडिकल कॉलेज प्रशासन व डॉक्टरों को सभी घायलों का समुचित और बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। फिलहाल पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु कराया है और हादसे के सटीक कारणों की जांच शुरू कर दी है।











Total views : 458533