
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। सामाजिक समरसता में गोरक्षपीठ की भूमिका विषय पर राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन सोमवार को मुजफ्फरनगर में किया जाएगा। उत्तर प्रदेश में आयोजित होने वाली इस श्रृंखला की यह 10वीं संगोष्ठी होगी। कार्यक्रम दोपहर ढाई बजे लाला जगदीश प्रसाद सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में आयोजित किया जाएगा। इसमें राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल, साध्वी प्रज्ञा भारती और महामंडलेश्वर संदीप खत्री महाराज समेत अन्य अतिथि शामिल होंगे।
संगोष्ठी की तैयारियों को लेकर रविवार को भोपा रोड स्थित प्रमुख उद्योगपति आलोक स्वरूप के आवास पर पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। ब्लॉसम इंडिया फाउंडेशन के संस्थापक शशि प्रकाश सिंह ने बताया कि संगोष्ठी में गोरक्षपीठ के इतिहास तथा समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ने के लिए पीठ द्वारा किए गए प्रयासों पर चर्चा की जाएगी। साथ ही सनातन परंपरा में निहित सामाजिक समरसता के मूल भाव और पौराणिक एवं धार्मिक ग्रंथों में वर्णित समरसता की अवधारणा पर भी विचार-विमर्श होगा।
ललित माहेश्वरी ने बताया कि ब्लॉसम इंडिया फाउंडेशन की ओर से ब्रह्मलीन महंत अवैद्यनाथ महाराज की पुण्य स्मृति में ‘सामाजिक समरसता में गोरक्षपीठ की भूमिका’ विषय पर यह संगोष्ठी आयोजित की जा रही है। उन्होंने बताया कि इससे पहले गाजियाबाद, बागपत, लखनऊ, सुल्तानपुर और प्रतापगढ़ समेत नौ शहरों में इस विषय पर संगोष्ठियां आयोजित हो चुकी हैं। पत्रकार वार्ता के दौरान समाजसेवी आलोक स्वरूप, प्रभाव स्वरूप, अभय जैन, नितिन तायल, मनोज सैनी, अखिलेश जाटव सहित विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे
Post Views: 189













Total views : 433237