Select Language :

Home » एजुकेशन » जीआईसी कम्हेड़ा को मिली कंप्यूटर लैब की सौगात, डीआईओएस ने किया उद्घाटन

जीआईसी कम्हेड़ा को मिली कंप्यूटर लैब की सौगात, डीआईओएस ने किया उद्घाटन

लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। ग्रामीण अंचल के विद्यार्थियों को आधुनिक एवं तकनीकी शिक्षा से जोड़ने की दिशा में दीन मोहम्मद राजकीय इंटर कॉलेज, कमहेड़ा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ी है। विद्यालय परिसर में अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त नवनिर्मित कंप्यूटर लैब का भव्य उद्घाटन जिला विद्यालय निरीक्षक हरिकेश यादव द्वारा किया गया। विद्यालय पहुंचने पर जिला विद्यालय निरीक्षक का ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ भव्य स्वागत किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन से हुई, जिसके बाद जिला विद्यालय निरीक्षक ने परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. रणवीर सिंह ने अतिथियों का अंगवस्त्र, माल्यार्पण एवं पौधा भेंट कर अभिनंदन किया। इस अवसर पर राजकीय इंटर कॉलेज बहादरपुर के प्रधानाचार्य आशीष द्विवेदी भी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम में छात्राओं ने स्वागत गीत और देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया, जिस पर प्रसन्न होकर जिला विद्यालय निरीक्षक ने छात्राओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया।
छात्रों को संबोधित करते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक हरिकेश यादव ने कहा कि स्कूली शिक्षा जीवन को सही दिशा देने का आधार है और वर्तमान डिजिटल युग में कंप्यूटर का व्यावहारिक ज्ञान समय की सबसे बड़ी मांग है। सरकारी स्कूलों में मिलने वाली इस प्रकार की आधुनिक सुविधाएं विद्यार्थियों के बौद्धिक विकास और रोजगारपरक भविष्य की नींव मजबूत करती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से लैब का अधिकतम लाभ उठाकर तकनीकी दक्षता हासिल करने का आह्वान किया। प्रधानाचार्य डॉ. रणवीर सिंह ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय में संसाधनों का यह विस्तार ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण और डिजिटल शिक्षा से जोड़ने में मील का पत्थर साबित होगा। कार्यक्रम के दौरान सोनू, कपिल कुमार, हाजी आबाद, फरागत अली, राजकुमार, कुलदीप, मनीषा, डॉली, विनीता, नूर फिरदौस, अंकित, आदेश, अंतरुल एवं नितिन सहित समस्त शिक्षक व कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

Share this post:

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

खबरें और भी हैं...

वोट करें

[democracy id="1"]

Our Visitor

1 5 7 9 7 3
Total views : 419084

Follow us on