
पत्रकारिता और साहित्य के क्षेत्र में उनके दीर्घकालीन योगदान के लिए मिला विशेष राष्ट्रीय सम्मान
लोकपथ लाइव, नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली स्थित प्रेस क्लब ऑफ इंडिया में आयोजित राष्ट्रीय स्तर के समारोह में उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड के प्रतिष्ठित समाचार पत्र ‘आज’ हिंदी दैनिक के नेशनल ब्यूरो चीफ एवं वरिष्ठ पत्रकार संजय राय को पत्रकारिता और साहित्य के क्षेत्र में उनके दीर्घकालीन योगदान के लिए विशेष राष्ट्रीय सम्मान से सम्मानित किया गया।


‘भारती श्रमजीवी पत्रकार संघ’ और ‘प्राइम इंडिया मीडिया हाउस’ के संयुक्त तत्वावधान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर “विकसित भारत के प्रति मोदी का विजन और युवाओं की भूमिका” विषय पर राष्ट्रीय परिचर्चा एवं पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। इसी अवसर पर संजय राय को सम्मान प्रदान किया गया। समारोह में दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. संजय सिंह बघेल मुख्य वक्ता तथा पूर्व सांसद डॉ. अशोक वाजपेयी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। देवरिया के सांसद शशांक मणि त्रिपाठी, आदर्श नगर के विधायक राजकुमार भाटिया, वरिष्ठ भाजपा नेता अरविंद प्रताप सिंह (इंजीनियर ए.पी. सिंह), भारती श्रमजीवी पत्रकार संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय सिंह और प्राइम इंडिया मीडिया हाउस के प्रबंध संपादक नासिर खान समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

ढाई दशक से ज्यादा बेदाग सफर
संजय राय पिछले 26 वर्षों से राष्ट्रपति भवन, संसद, प्रधानमंत्री कार्यालय, विभिन्न केंद्रीय मंत्रालयों और राजनीतिक दलों से जुड़ी खबरों को कवर करते आ रहे हैं। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सम-सामयिक मुद्दों पर उनके धारदार लेख देश के विभिन्न हिंदी और उर्दू समाचार पत्रों, पत्रिकाओं तथा डिजिटल मीडिया में प्रकाशित होते रहते हैं। संजय राय के चुनिंदा उर्दू लेखों पर आधारित पुस्तक ‘आलमी मंजरनामा’ का प्रकाशन केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के अंतर्गत आने वाली नेशनल काउंसिल फॉर प्रमोशन ऑफ उर्दू लेंग्वेज द्वारा किया गया है। पत्रकारिता के साथ लेखन के क्षेत्र में भी संजय राय का योगदान रहा है।
नई दिशा के लिए प्रेरित करेगा सम्मान: राय
सम्मान प्राप्त करने के बाद संजय राय ने आयोजन समिति के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के सम्मान पत्रकारों और लेखकों को अपने दायित्वों के प्रति और अधिक प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने की प्रेरणा देते हैं।











Total views : 419035