
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। शिक्षक दिवस के अवसर पर शनिवार को एसडी इंटर कॉलेज के प्रांगण में जनपद स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह हुआ। इसमें विभिन्न विद्यालयों के उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षक-शिक्षिकाओं तथा प्रधानाचार्यों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, चरित्र निर्माण एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा में शिक्षकों की भूमिका पर विशेष बल दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डीआईओएस हरिकेश यादव, एडीआईओएस सुधीर सैनी, डीसी एनआरएलएम केएल पांडे, डायट के वरिष्ठ प्रवक्ता योगेश शर्मा, डॉ. रणवीर सिंह, आशीष द्विवेदी, प्रवीण चौधरी तथा एसडी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य आदित्य प्रकाश सक्सेना ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती और भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक एवं देशभक्ति के कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिसकी उपस्थित जनों ने भूरि-भूरि प्रशंसा की। इस अवसर पर डीआईओएस हरिकेश यादव ने कहा कि शिक्षक केवल किताबी ज्ञान देने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे भावी पीढ़ी के व्यक्तित्व एवं चरित्र का निर्माण करते हैं। उन्होंने शिक्षकों से पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ शिक्षण कार्य करने और विद्यार्थियों को संस्कारवान व जिम्मेदार नागरिक बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. विकास शर्मा एवं शैली रंजन ने संयुक्त रूप से किया। समारोह को सफल बनाने में आशीष द्विवेदी, रणवीर सिंह और संदीप कौशिक, पंकज विशिष्ठ डायट प्रवक्ता का विशेष योगदान रहा। सम्मानित शिक्षकों ने इस आयोजन को प्रेरणादायी बताते हुए शिक्षा के प्रति और अधिक समर्पित रहने का संकल्प लिया।
एसआरजी-एआरपी सहित परिषदीय स्कूलों के 113 शिक्षक हुए सम्मानित
Post Views: 258












Total views : 411203