
लोकपथ लाइव, लखनऊ। महंगाई के बीच आमजन को राहत देने के लिए योगी सरकार की ओर से गन्ना किसान संस्थान परिसर में 52 रुपये प्रति किलो की दर से चीनी उपलब्ध कराई जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर चीनी उद्योग एवं गन्ना विकास विभाग ने चीनी की बिक्री के लिए विक्रय केंद्र शुरू किया है। आम नागरिक प्रत्येक कार्यदिवस सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक अपनी दैनिक जरूरत के अनुसार यहां से चीनी खरीद सकते हैं। यह सुविधा अभी लखनऊ में की गई है।
विभाग के अनुसार लाल बहादुर शास्त्री गन्ना किसान संस्थान परिसर लखनऊ स्थित चीनी निगम एवं सहकारी चीनी मिल संघ के चीनी विक्रय केंद्र से यह सुविधा उपलब्ध होगी। उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए अलग-अलग पैक में चीनी उपलब्ध कराई जा रही है। एक किलो के पैकेट की कीमत 52 रुपये और दो किलो के पैकेट की कीमत 102 रुपये निर्धारित की गई है। इसी तरह पांच किलो का पैकेट 250 रुपये और 50 किलो का पैकेट 2500 रुपये में मिलेगा।
चीनी उद्योग एवं गन्ना विकास विभाग के मुताबिक यह विशेष बिक्री प्रत्येक कार्यदिवस में नियमित रूप से जारी रहेगी। सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक उपभोक्ता बिक्री केंद्र पर पहुंचकर चीनी खरीद सकेंगे। बिक्री केंद्र पर सुगम और व्यवस्थित खरीदारी के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।
विभाग ने राजधानी के नागरिकों से इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है। विभाग का कहना है कि आमजन को दैनिक जरूरत की वस्तुएं उचित दर पर उपलब्ध कराने के लिए इस तरह के प्रयास आगे भी जारी रखे जाएंगे।
Post Views: 280












Total views : 409977